भिलाई : न्यूज़ 36 : नगर पालिक निगम के सभागार में स्वच्छ सर्वेक्षण की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय बैठक आयुक्त राजीव कुमार पांडेय की अध्यक्षता में हुई। इसमें आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण के मापदंडों, रणनीतियों और जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। आयुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि इस वर्ष का स्वच्छ सर्वेक्षण 12,500 अंकों का है। बेहतर रैंकिंग प्राप्त करने के लिए निगम के साथ-साथ आमजन की सक्रिय भागीदारी अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल निगम का दायित्व नहीं, बल्कि यह शहर की सामूहिक जिम्मेदारी है।

बैठक में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने पर जोर दिया गया। आयुक्त ने निर्देश दिए कि निर्धारित रूट चार्ट और समय के अनुसार ही कचरा संग्रहण किया जाए तथा शत-प्रतिशत घरों से कचरा उठाव सुनिश्चित हो। इस वर्ष से कचरा संग्रहण रिक्शा तय समय पर प्रत्येक घर तक पहुंचेंगे। स्रोत पर कचरा पृथक्कीकरण को अनिवार्य बताते हुए नागरिकों से अपील की गई कि वे गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग करके ही निगम की गाड़ी में दें। खुले में कचरा फेंकने पर सख्ती बरतने के निर्देश भी दिए गए। प्लास्टिक उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लागू करने पर विशेष जोर दिया गया। आयुक्त ने कहा है कि यदि शहर को स्वच्छ सर्वेक्षण में नंबर वन बनाना है।
तो नागरिकों को अपनी आदतों में बदलाव लाना होगा, प्लास्टिक का त्याग करना होगा और कचरा प्रबंधन में निगम का सहयोग करना होगा। बैठक में निगम के उपायुक्त नरेंद्र बंजारे, डीके कोसरिया, जोन आयुक्त अमरनाथ दुबे, ऐशा लहरे, कुलदीप गुप्ता, कार्यपालन अभियंता सुनील जैन, वेशराम सिंहा, अरविंद शर्मा, लेखाधिकारी चंद्रभूषण साहू, स्वास्थ्य अधिकारी जावेद अली सहित अन्य थे।
