उच्च शिक्षा आयुक्त ने बनाई समिति
दुर्ग : न्यूज़ 36 : हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग के कुलसचिव की कार दुर्घटना से जुड़े वित्तीय मामले को गंभीरता से लेते हुए उच्च शिक्षा विभाग ने जांच के आदेश दिए हैं। मामले की जांच के लिए उच्च शिक्षाआदेश दिए हैं। मामले की जांच के लिए उच्च शिक्षा आयुक्त द्वारा दो सदस्यीय जांच समिति का गठन किया गया है।
जांच समिति में डॉ. अनुपमा अस्थाना तथा डॉ. अजय सिंह को सदस्य बनाया गया है। समिति पूरे मामले की जांच कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।
गौरतलब है कि 17 फरवरी 2026 को हुई कथित कार दुर्घटना के संबंध में कुलसचिव पर आरोप है कि उन्होंने दुर्घटनाग्रस्त वाहन की मरम्मत कराकर उसके लिए लगभग 24 हजार रुपये से अधिक की राशि विश्वविद्यालय के खाते से आहरित कर ली। आरोप यह भी है कि यह भुगतान विश्वविद्यालय की परीक्षा निधि (एग्जाम फंड) से किया गया, जिसमें छात्रों से परीक्षा शुल्क के रूप में प्राप्त राशि जमा रहती है।मामले के सामने आने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन में हलचल मच गई थी। विश्वविद्यालय के कुलपति ने इस संबंध में वित्त विभाग से स्पष्टीकरण भी मांगा था। हालांकि, सूत्रों के अनुसार वित्त विभाग की ओर से अब तक जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया है।
अब उच्च शिक्षा आयुक्त द्वारा गठित जांच समिति पूरे मामले के वित्तीय एवं प्रशासनिक पहलुओं की जांच करेगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
