Wednesday, March 18, 2026

दुर्ग-पुलिस की लापरवाही, अपने इलाके का रिकॉर्ड नहीं रख रहे,ज्यादातर थानों में नोटबुक नहीं

अब TI-CSP करेंगे मॉनिटरिंग : उल्लंघन पर मिलेगी सजा

भिलाई : न्यूज़ 36 : दुर्ग जिले के थानों में काम कर रहे पुलिसकर्मियों की बड़ी लापरवाही सामने आई है। थानों में तैनात प्रधान आरक्षक और आरक्षक पुलिस रेग्युलेशन के सबसे अहम नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। थानों में तैनात आरक्षकों को अपनी इन्फॉर्मेशन नोट बुक (INB) और ऑबजर्वेशन नोट बुक (ONB) रखना होता है, जिसे वे नहीं रख रहे।

इन नोट बुक में आरक्षकों को क्षेत्र के सभी तरह के लोगों का रिकॉर्ड रखना होता है। लेकिन ज्यादातर थानों में इन नियमों का पालन नहीं हो रहा हैं। जिले के लगभग सभी थानों में इसी तरह की लापरवाही सामने आई है।

Oplus_16908288

सीनियर SP विजय अग्रवाल ने यह गलती पकड़ी है। एसएसपी के जारी निर्देश में इस बात का स्पष्ट उल्लेख किया गया है कि पुलिस रेग्युलेशन के पैरा 595 से 599 तक इन नोटबुकों को रखना अनिवार्य है।

लेकिन देखा जा रहा है कि इस इकाई के थानोंमें पदस्थ प्रधान आरक्षक और आरक्षकों के द्वारा थाना क्षेत्र बीट अनुसार जानकारी दर्ज करने के लिए दोनों ही नोटबुक नहीं रखी जा रही है।

जानिए क्या है आईएनबी और ओनएबी

आईएनबी : इसमें बीट क्षेत्र की पूरी जानकारी दर्ज होती है। इसमें कौन-कौन सी गली आती है, कौन-कौन से लोग रहते हैं, किन-किन जगहों पर ज्यादा भीड़ लगती है, ये शामिल होते हैं। इसकी नोटबुक अलग बनती है। जिसे आरक्षकों को संभाल कर रखना होता है, इसको लगातार अपडेट करते रहना पड़ता है।

ओनएबी : इसमें इलाके के महत्वपूर्ण स्थान,

महत्वपूर्ण लोग, अच्छे-बुरे व्यक्ति, बार-होटलों की सूची, कबाड़ी, लाइसेंसधारी, निगरानी बदमाश, गुण्डा बदमाश, माफी बदमाश, सजायाबी, संदिग्धों और अन्य संवेदनशील स्थानों की जानकारी रखी जाती है। इससे पुलिस को किसी भी घटना की स्थिति में तुरंतसही जानकारी मिल जाती है। इसे भी लगातार अपडेट करना और जानकारी एकत्र करने के लिए रखा जाता है।

पुलिसकर्मी नहीं कर रहे पालन

पुलिस रेग्युलेशन में अनिवार्य नियम होने के बावजूद वास्तविकता यह है कि कई थानों में तैनात कर्मचारी इन नोटबुकों को रखते ही नहीं या फिर अपडेट नहीं करते। इससे बीट में क्या स्थिति है, कौन-कौन लोग सक्रिय हैं, किस पर निगरानी रखनी चाहिए इन सब बातों की सही जानकारी पुलिस के पास उपलब्ध नहीं रहती। ज्यादातर आरक्षक और प्रधान आरक्षक इसका पालन नहीं कर रहे हैं। यही वजह है कि विभाग ने इसे गंभीर लापरवाही माना है।

Oplus_16908288

कड़ाई करने एसएसपी ने दिए निर्देश

थानों में हो रही नियमों की अनदेखी के बाददुर्ग एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को कड़े निर्देश जारी किए हैं। आदेश में कहा गया है कि थाना प्रभारी अपने-अपने थानों में पदस्थ प्रधान आरक्षक और आरक्षकों को इस नियम का कड़ाई से पालन करवाएं।

समय-समय पर थाना प्रभारी और अनुविभागीय अधिकारी खुद इन किताबों की जांच करेंगे और यदि कोई कमी पाई जाती है तो तुरंत उस कर्मचारी को निर्देशित करेंगे।

नियम न मानने पर सजा भी मिलेगी

अब थानों में तैनात प्रधान आरक्षक और आरक्षकों को दोनों ही नोटबुक को सही तरीके से रखना होगा। टीआई और सीएसपी इसकी निगरानी करेंगे। यदि किसी भी थाने का आरक्षक या प्रधान आरक्षक नोटबुक नहीं रखता है या फिर बीट में जानकारी अधूरी पाई जाती है तो उसके आधार पर उक्त पुलिसकर्मी के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। दुर्ग एसएसपी ने इस संबंध में सख्त आदेश जारी किए हैं।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news