Monday, August 10, 2026

अवैध शराब के खिलाफ दुर्ग पुलिस का अभियान, सात थाना क्षेत्रों में 7 आरोपी गिरफ्तार

भिलाई : न्यूज़ 36 : जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ दुर्ग पुलिस ने एक साथ व्यापक कार्रवाई की। अभियान के तहत नंदिनी, उतई, पुरानी भिलाई, पाटन, कुम्हारी, खुर्सीपार और छावनी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने कार्रवाई करते हुए आबकारी अधिनियम के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए। कार्रवाई में सात आरोपियों को पकड़ा गया है।

पुलिस के अनुसार नंदिनी, उतई, पुरानी भिलाई और कुम्हारी थाना क्षेत्रों में धारा 34(2), पाटन में धारा 34(1) तथा खुर्सीपार और छावनी थाना क्षेत्रों में धारा 36 (च) आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

नंदिनी में शराब के साथ बाइक जब्त

थाना नंदिनी पुलिस ने रमेश कुमार जोशी (27), निवासी मुर्मुदा को पकड़ा। उसके कब्जे से 30 पौवा देशी मसाला शोले शराब, जिसकी कीमत करीब 3 हजार रुपये बताई गई है, बरामद की गई। पुलिस ने शराब के साथ एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है।

उतई और पुरानी भिलाई में भी कार्रवाई

थाना उतई क्षेत्र के ग्राम ढौर में पुलिस ने देवेन्द्र कुमार (21) के कब्जे से 29 पौवा देशी प्लेन शराब, करीब 5.2 लीटर, बरामद की। वहीं पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र के गनियारी में उत्तम गायकवाड़ (35) के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसके कब्जे से 30 पौवा देशी मसाला शोले शराब, करीब 5.4 लीटर, कीमत लगभग 3 हजार रुपये, जब्त की गई।

पाटन में 30 पौवा शराब जब्त

थाना पाटन पुलिस ने राज पारधी (22) के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत कार्रवाई की। आरोपी के कब्जे से 30 पौवा सुपर मसाला शराब बरामद की गई।

कुम्हारी में भी अवैध शराब पकड़ी

कुम्हारी थाना क्षेत्र में राजीव भवन के पास ग्राम परसदा में पुलिस ने हरिश कुमार साहू उर्फ डान (29) को पकड़ा। आरोपी के कब्जे से 30 पौवा मसाला शराब, जिसकी कीमत करीब 3 हजार रुपये बताई गई है, जब्त की गई।
खुर्सीपार और छावनी में धारा 36 (च) के तहत कार्रवाई

खुर्सीपार थाना क्षेत्र में जीई रोड, फर्नीचर के पास पुलिस ने रामकृष्ण (45) के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 36 (च) के तहत कार्रवाई की। वहीं छावनी थाना क्षेत्र के जलेबी चौक के पास हेमंत ठाकुर (35) के खिलाफ इसी धारा के तहत कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार सभी मामलों में सूचना मिलने के बाद संबंधित थाना क्षेत्रों की टीमों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। बरामद शराब को विधिवत जब्त करते हुए आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।

लगातार जारी रहेगा अभियान

दुर्ग पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण, परिवहन अथवा बिक्री की जानकारी तत्काल निकटतम थाना या पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे मामलों में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

 

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news