भिलाई : न्यूज़ 36 : ग्राम केवरा में हुए हत्या के मामले में दुर्ग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 12 घंटे से कम समय में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। खेत में पानी डालने को लेकर पुरानी रंजिश के कारण यह वारदात सामने आई है।
पुलिस के अनुसार थाना रानीतरई क्षेत्रांतर्गत ग्राम केवरा स्थित कृषि खेत में एक व्यक्ति के मृत अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान अमर सिंह साहू के रूप में हुई, जिसके सिर और गर्दन पर धारदार हथियार से गंभीर चोट के निशान पाए गए।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि खेत में पानी डालने की बात को लेकर मृतक और आरोपी के बीच पूर्व से विवाद चल रहा था। मामले में अपराध क्रमांक
21/2026 धारा 103 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरु की गई।
घटनास्थल निरीक्षण, साक्ष्य संकलन एवं तकनीकी विश्लेषण के आधार पर संदेही मोहन लाल सिन्हा (48 वर्ष), निवासी ग्राम केंवस, थाना रानीतरई, जिला दुर्ग को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक धारदार हथियार भी जब्त किया है।
घटना का कारण :
खेत में पानी डालने की बात को लेकर पुरानी रंजिश।
इस कार्रवाई में एसआईयू टीम प्रभारी उपनिरीक्षक प्रमोद हरिश, थाना प्रभारी रानीतरई निरीक्षक कमल सिंह, उपनिरीक्षक दिनेश राठौर, सहायक उपनिरीक्षक श्याम सिंह, प्रधान आरक्षक तिलक साहू, आरक्षक नरेन्द्र वर्मा सहित अन्य स्टाफ की सक्रिय भूमिका रही।
