समितियों के साथ बैठक कर सुरक्षा, यातायात, ध्वनि नियंत्रण एवं विसर्जन व्यवस्था के निर्देश…
भिलाई : न्यूज़ 36 : दुर्ग पुलिस द्वारा जिले की 50 से अधिक मध्यम एवं बड़े गणेश पंडाल समितियों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आगामी उत्सव की व्यवस्थाओं पर समन्वय किया गया।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शोभराज अग्रवाल सहित CSP दुर्ग हर्षित मेहर, CSP भिलाई नगर निशांत पाठक एवं CSP छावनी प्रशांत सिंह पैकरा उपस्थित रहे।
पंडालों में CCTV, अग्नि एवं विद्युत सुरक्षा, महिला-पुरुष सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग एवं यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने के संबंध में समितियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
गणेश विसर्जन के लिए निर्धारित मार्ग का पालन, अधिकतम 03 वाहन, 15 फीट की अधिकतम झांकी ऊंचाई एवं न्यूनतम 08 वॉलेंटियर रखने के निर्देश दिए गए।
आगामी गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस द्वारा जिले की गणेश उत्सव समितियों के साथ लगातार समन्वय एवं बैठकें आयोजित की जा रही हैं। अब तक 50 से अधिक मध्यम एवं बड़े गणेश पंडाल समितियों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आयोजन एवं विसर्जन के दौरान सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, ध्वनि नियंत्रण तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए।
गणेश उत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पंडालों एवं धार्मिक आयोजनों में शामिल होने की संभावना को देखते हुए दुर्ग पुलिस द्वारा पूर्व से सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने की कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में आयोजित बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शोभराज अग्रवाल, CSP दुर्ग हर्षित मेहर, CSP भिलाई नगर निशांत पाठक एवं CSP छावनी प्रशांत सिंह पैकरा उपस्थित रहे तथा गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारियों को सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, ध्वनि नियंत्रण एवं विसर्जन व्यवस्था के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
आयोजन संबंधी सुरक्षा एवं व्यवस्था के निर्देश
* भीड़भाड़ वाले स्थानों, प्रवेश-निकास द्वार, मुख्य मूर्ति स्थल, पार्किंग एवं वेटिंग एरिया में पर्याप्त संख्या में CCTV कैमरे लगाए जाएं।
*पंडाल एवं मूर्ति की सुरक्षा के लिए रात्रि में समिति के कम से कम 02 सदस्य आवश्यक रूप से उपस्थित रहें।
* पंडाल में आवश्यकतानुसार महिला एवं पुरुषों के पृथक प्रवेश-निकास एवं कतार की व्यवस्था की जाए तथा पर्याप्त संख्या में महिला एवं पुरुष सुरक्षा गार्ड/वॉलेंटियर लगाए जाएं।
* सांस्कृतिक कार्यक्रम की सूचना कम से कम एक दिन पूर्व संबंधित थाने को दी जाए, ताकि आवश्यक पुलिस व्यवस्था की जा सके।
* किसी भी स्थिति में सड़क अथवा आवागमन के मार्ग को अवरुद्ध कर पंडाल या पार्किंग का निर्माण नहीं किया जाए।
*पार्किंग के लिए पहले से स्थान चिन्हित कर व्यवस्था की जाए। अनधिकृत पार्किंग शुल्क वसूली पाए जाने पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
* झूला, मनोरंजन उपकरण अथवा झांकी में तकनीकी मशीनरी का उपयोग किए जाने पर संबंधित विभाग से तकनीकी प्रमाण-पत्र प्राप्त कर संबंधित थाना को उपलब्ध कराया जाए।
* प्रत्येक पंडाल में फायर ऑडिट, सुरक्षा ऑडिट एवं इलेक्ट्रिसिटी ऑडिट कराया जाए तथा अग्निशमन उपकरण, रेत एवं पानी की पर्याप्त व्यवस्था रखी जाए।
* रात्रि 10 बजे के बाद ध्वनि विस्तारक यंत्र/लाउडस्पीकर का उपयोग प्रतिबंधित रहेगा। निर्धारित ध्वनि मानकों का उल्लंघन करने पर उपकरण जब्ती सहित नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
* पंडाल एवं विसर्जन झांकी में नशे का सेवन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
*जबरन चंदा वसूली की शिकायत प्राप्त होने पर संबंधित व्यक्ति तथा मामले में संलिप्त समिति के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
विसर्जन व्यवस्था
गणेश विसर्जन के दौरान सभी समितियों को पुलिस द्वारा निर्धारित विसर्जन मार्ग का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित मार्ग के अतिरिक्त किसी अन्य मार्ग से विसर्जन झांकी ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
प्रत्येक विसर्जन झांकी में अधिकतम 03 वाहन—गणेश वाहन, झांकी वाहन तथा जनरेटर/DJ वाहन रखने के निर्देश दिए गए हैं। झांकी की अधिकतम ऊंचाई 15 फीट निर्धारित की गई है। प्रत्येक झांकी में न्यूनतम 08 वॉलेंटियर रखना अनिवार्य होगा तथा उनकी सूची पूर्व में पुलिस को उपलब्ध कराई जाएगी।
विसर्जन के दौरान हथियार, भाला, तलवार, डंडा अथवा अन्य शस्त्र एवं नकली तलवार आदि रखना प्रतिबंधित रहेगा। विसर्जन झांकी एवं कार्यक्रम के दौरान केवल धार्मिक गीतों की अनुमति होगी तथा अश्लील, आपत्तिजनक एवं अप्रिय गीतों का उपयोग प्रतिबंधित रहेगा।
सराहनीय कार्य : गणेश उत्सव के शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित आयोजन के लिए जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में गणेश उत्सव समितियों के साथ बैठक एवं समन्वय कर आवश्यक दिशा-निर्देश देने में संबंधित थाना एवं यातायात पुलिस के अधिकारी/कर्मचारियों की भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस की अपील : दुर्ग पुलिस गणेश उत्सव समितियों एवं आम नागरिकों से अपील करती है कि धार्मिक आयोजन को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए पुलिस एवं प्रशासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें। यातायात व्यवस्था बनाए रखने, ध्वनि मानकों का पालन करने, सुरक्षा संबंधी सावधानियां रखने तथा विसर्जन के निर्धारित मार्ग का उपयोग करने में पुलिस का सहयोग करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि, विवाद या कानून-व्यवस्था संबंधी स्थिति की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाना अथवा पुलिस को दें।
