भिलाई : न्यूज़ 36 : नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन विश्वास” के तहत दुर्ग पुलिस ने अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए छह थाना क्षेत्रों में एक साथ दबिश दी। इस अभियान के दौरान अवैध शराब की बिक्री में संलिप्त 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 263 पौवा से अधिक अवैध देशी शराब तथा बिक्री से प्राप्त नगदी सहित करीब 71 हजार रुपये मूल्य की सामग्री जब्त की है।
पुलिस के अनुसार 5 एवं 6 जून को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थाना दुर्ग, मोहन नगर, पुलगांव, पद्मनाभपुर, वैशाली नगर और जामुल क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की गई। दबिश के दौरान अवैध रूप से शराब का संग्रहण एवं बिक्री करते पाए गए आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
कार्रवाई में कुल 263 पौवा से अधिक देशी मदिरा, नगदी राशि तथा अन्य सामग्री बरामद की गई। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 71 हजार रुपये से अधिक बताई गई है। सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अवैध रूप से शराब का भंडारण एवं बिक्री कर आर्थिक लाभ अर्जित कर रहे थे। अभियान के तहत गिरफ्तार आरोपियों में दुर्ग, मोहन नगर, पुलगांव, वैशाली नगर, पद्मनाभपुर और जामुल क्षेत्र के निवासी शामिल हैं।
दुर्ग पुलिस ने बताया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अवैध शराब, गांजा एवं अन्य मादक पदार्थों की बिक्री करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में संबंधित थाना स्टाफ, साइबर टीम एवं मुखबिर तंत्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि अवैध शराब या अन्य नशीले पदार्थों के निर्माण, संग्रहण अथवा बिक्री की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि ऐसे कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
