दुर्ग : न्यूज़ 36 : निविदा शर्तों का पालन नहीं करने के मामले में दुर्ग निगम ने दो ठेकेदार को आगामी एक वर्ष के लिए ब्लैकलिस्ट कर दिया है। जिसमें मेसर्स सिद्धार्थ कंस्ट्रक्शन तथा ठेकेदार शशांक सिंह बैंस शामिल है। उक्त ठेकेदारों की जमा अमानत राशि राजसात करते हुए संबंधित निविदाओं को निरस्त कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अधोसंरचना मद अंतर्गत साइंस कालेज के बाजू केनाल रोड निर्माण कार्य हेतु मेसर्स सिद्धार्थ कन्स्ट्रक्शन द्वारा 10.99 प्रतिशत कम दर पर निविदा स्वीकृत कराई गई थी। निविदा स्वीकृति के बाद अंतर की राशि 4.37 लाख रुपये का एफडीआर जमा कर अनुबंध निष्पादित करने के लिए निगम द्वारा कई बार पत्राचार किया गया, किंतु पर्याप्त समय दिए जाने के बावजूद ठेकेदार द्वारा न तो एफडीआर जमा किया गया और न ही अनुबंध निष्पादित करने के लिए उपस्थिति दी गई। इसे निविदा शर्तों का स्पष्ट उल्लंघन मानते हुए निगम ने 2.20 लाख की अमानत राशि राजसात कर निविदा निरस्त कर दी तथा फर्म को एक वर्ष के लिए ब्लैकलिस्ट कर दिया। इसी प्रकार ठेकेदारं शशांक सिंह बैंस द्वारा वार्ड क्रमांक 22 रेलवे लाइन के पास दुर्गा टेंट हाउस तक रोड निर्माण कार्य तथा वार्ड क्रमांक 60 तालाब के किनारे मेन रोड से मंच तक सीसी रोड निर्माण कार्य के लिए क्रमशः 25.22 प्रतिशत एवं 21 प्रतिशत कम दर पर निविदा प्रस्तुत की गई थी।
