दुर्ग : न्यूज़ 36 : धमधा थाना क्षेत्र के ग्राम परसकोल में घरेलू विवाद के चलते एक पति द्वारा अपनी पत्नी के घर में आग लगाने का मामला सामने आया है। आगजनी में घर के अंदर रखा राशन, कपड़े, पलंग, सीलिंग फैन, टीवी सहित छप्पर में लगी पैरा, लकड़ी और झिल्ली जलकर नष्ट हो गई। पत्नी की शिकायत पर धमधा पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
पुलिस के अनुसार ग्राम परसकोल निवासी श्रीमती तरुण मधुकर (40 वर्ष) ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। महिला ने बताया कि उसका मायका ग्राम परसकोल और ससुराल ग्राम खजरी है। करीब 20 वर्ष पहले उसका विवाह चेतन मधुकर से हुआ था। महिला के अनुसार शादी के कुछ वर्षों बाद से ही उसका पति शराब पीकर आए दिन विवाद करता था।
लगातार विवाद से परेशान होकर करीब आठ वर्ष पहले महिला अपनी तीन बेटियों को लेकर मायके ग्राम परसकोल आ गई थी। वहां उसने अपने माता-पिता से अलग लकड़ी, पैरा और झिल्ली से अपना घर बनाया था। महिला के मुताबिक मायके आने के करीब दो साल बाद उसका पति चेतन मधुकर भी परसकोल आकर उसी घर में रहने लगा, लेकिन उसकी शराब पीने और विवाद करने की आदत में सुधार नहीं हुआ।
खेत में काम करने गई थी महिला
शिकायत के अनुसार 7 अगस्त 2026 की सुबह करीब 8 बजे तरुण मधुकर काम करने कंदई बाड़ी गई थी। उसकी दोनों बेटियां रितिका और रेणुका को उसने अपने माता-पिता के घर छोड़ दिया था। पति चेतन घर में मौजूद था।
जब महिला काम से वापस लौटी तो उसने देखा कि उसका घर जल चुका था। महिला ने जब पति से घर जलने का कारण पूछा तो उसने कथित तौर पर कहा कि वह काम करने बाड़ी क्यों जाती है, इसी कारण उसने घर में आग लगा दी।
महिला ने अपनी बेटियों से भी घटना के संबंध में पूछा। बेटियों ने बताया कि उनके पिता चेतन मधुकर ने ही घर में आग लगाई थी। घटना को आसपास के लोगों द्वारा देखे जाने की बात भी शिकायत में कही गई है।
गृहस्थी का सामान जलकर नष्ट
आगजनी में घर में रखा राशन का सामान, पहनने के कपड़े, पलंग, सीलिंग फैन, टीवी समेत घर के छप्पर में लगी पैरा, लकड़ी और झिल्ली जल गई। घटना से महिला को काफी नुकसान होने की बात सामने आई है।
धमधा पुलिस ने दर्ज किया अपराध
प्रार्थिया तरुण मधुकर की रिपोर्ट पर धमधा पुलिस ने अपराध क्रमांक 0220/2026 दर्ज किया है। पुलिस ने उसके पति चेतन मधुकर (45 वर्ष) के खिलाफ धारा 326(g) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना शुरु कर दी है। पुलिस घटना के कारणों, आगजनी की परिस्थितियों और हुए नुकसान की जांच कर रही है।
