दुर्ग : न्यूज़ 36 : साइंस कॉलेज दुर्ग की रेड क्रॉस सोसाइटी और रेड रिबन सोसाइटी के सदस्यों ने एड्स जागरूकता अभियान के तहत एक विशेष पुस्तिका की 400 से अधिक प्रतियों का वितरण किया। इस पहल का उद्देश्य युवाओं और समाज के अन्य वर्गों में एड्स के प्रति जागरूकता फैलाना और इससे बचाव के उपायों की जानकारी देना है। पुस्तिका में एड्स के कारण, लक्षण, बचाव और उपचार से संबंधित जानकारी सरल और स्पष्ट भाषा में प्रस्तुत की गई है।
इस कार्यक्रम के अंतर्गत कॉलेज परिसर और आसपास के क्षेत्रों में जागरूकता फैलाने के लिए विद्यार्थियों और सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इस अवसर पर सोसाइटी के सदस्यों ने कहा कि यह अभियान युवाओं को सुरक्षित जीवनशैली अपनाने और एड्स जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक बनाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। यह कार्यक्रम न केवल ज्ञानवर्धन का माध्यम बना, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश भी सफलतापूर्वक प्रसारित कर सका। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय सिंह ने एड्स के प्रति जागरूकता फैलाने वाली पुस्तिका का वितरण करने के लिए रेड रिबन समिति और रेड क्रॉस सोसाइटी की प्रशंसा की। इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के वरिष्ठ प्रध्यापक तरुण साहू , मोतीराम, निखिल कुमार एवं रेड क्रॉस प्रभारी प्रशांत दुबे, श्रीमती राधिका साहू, अंबालिका चौहान, डूमन साहू, और बड़ी संख्या में रेड क्रॉस एवं रेड रिबन सोसाइटी के विद्यार्थी उपस्थित रहे।