Thursday, August 6, 2026

ढाबा संचालक ने शिवनाथ नदी में लगाई छलांग,SDRF ने 6 घंटे मशक्कत के बाद निकाला शव

दुर्ग : न्यूज़ 36 : धमधा मुख्य मार्ग स्थित शिवनाथ नदी में मंगलवार 4 अगस्त की शाम करीब 7 बजे एक ढाबा संचालक ने छलांग लगाकर जान दे दी। मृतक की पहचान पथरिया चौक स्थित ढाबा के संचालक संजय ओझा (46) के रूप में हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और SDRF की टीम अगले दिन सुबह 5 बजे मौके पर पहुंची। करीब 6 घंटे तक चले मशक्कत के बाद शव नदी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आत्महत्या की वजह साफ नहीं हो सकी है।
ढाबा संचालक संजय ओझा रोज की तरह घर से निकले थे। परिजनों को लगा कि वे हमेशा की तरह घर आ जाएंगे। लेकिन वे सीधे शिवनाथ नदी पुल के पास पहुंचे और वहां से नदी में छलांग लगा दी। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें डूबते देखा तो शोर मचाया और पुलिस को सूचना दी, लेकिन तब तक वे पानी में डूब चुके थे।

एसडीआरएफ की टीम ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

सूचना मिलते ही धमधा और नंदिनी थाना पुलिस अगले दिन सुबह 5 बजे मौके पर पहुंची। इसके बाद दुर्ग से SDRF की टीम भी बुलाई गई। गोताखोरों ने करीब 6 घंटे तक नदी में तलाश की। काफी मशक्कत के बाद सुबह 11.20 बजे संजय ओझा का शव नदी से बरामद किया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक भिलाई के बैकुंठ धाम, छावनी थाना क्षेत्र के रहने वाले थे।

आत्महत्या की वजह तलाश रही पुलिस

पुलिस की शुरुआती जांच में मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस आर्थिक परेशानी, पारिवारिक विवाद या किसी अन्य कारण सहित हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। परिजनों और करीबियों से भी पूछताछ की जाएगी ताकि घटना की असली वजह सामने आ सके।

नंदिनी थाना प्रभारी ने बताया कि फिलहाल मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान मिलने के बाद ही मौत की वजह को लेकर स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही किसी नतीजे पर पहुंचा जाएगा।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news