843 पुलिसकर्मियों व परिजनों का हुआ निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण
दुर्ग : न्यूज़ 36 : पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों के स्वास्थ्य संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए दुर्ग पुलिस ने “जन मित्र” अभियान के तहत मेघगंगा ग्रुप एवं स्पर्श अस्पताल के सहयोग से नई पुलिस लाइन, थगड़ा बांध में एक दिवसीय मेगा मेडिकल कैंप आयोजित किया। शिविर का शुभारंभ छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अरुण देव गौतम ने पौधरोपण व फीता काटकर किया।
843 हितग्राहियों ने उठाया स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ
सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक चले इस मेगा मेडिकल कैंप में जिला पुलिस बल, सशस्त्र पुलिस बल, नगर सेना, एसडीआरएफ., सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों एवं उनके परिवारजनों सहित 843 हितग्राहियों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। सभी को विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परामर्श और आवश्यक स्वास्थ्य मार्गदर्शन भी दिया गया।
22 विशेषज्ञ विभागों की सेवाएं एक ही छत के नीचेशिविर में 22 विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श दिया। इसके अलावा NABL प्रमाणित लाइफ केयर डायग्नोस्टिक सेंटर द्वारा पैथोलॉजी जांच, नेत्र परीक्षण, दंत परीक्षण तथा विभिन्न सुपर स्पेशियलिटी चिकित्सा सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।
पुलिसकर्मियों का स्वास्थ्य सर्वोच्च प्राथमिकता : डीजीपी
डीजीपी अरुण देव गौतम ने कहा कि पुलिसकर्मी लगातार तनावपूर्ण और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों मेंकार्य करते हैं। ऐसे में नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, संतुलित आहार, योग और व्यायाम को दिनचर्या का हिस्सा बनाना बेहद आवश्यक है। उन्होंने भविष्य में भी इस तरह के स्वास्थ्य शिविर नियमित रूप से आयोजित करने पर जोर दिया।
स्वस्थ पुलिस बल से बेहतर कानून व्यवस्था
पुलिस महानिरीक्षक अभिषेक शांडिल्य ने कहा कि अनियमित दिनचर्या के कारण पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य पर असर पड़ता है। ऐसे शिविर गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान करने और स्वस्थ एवं कार्यक्षम पुलिस बल तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमित् निभाते हैं।
सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को भी मिला लाभ
उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय कुमार अग्रवाल ने बताया कि वर्तमान पुलिसकर्मियों के साथ-साथ सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों और उनके परिवारजनों को भी शिविर में शामिल किया गया, ताकि सभी को विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।
अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में कलेक्टर अभिजीत सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक हर्षित मेहर, प्रशांत सिंह पैकरा, सत्यप्रकाश तिवारी, उप पुलिस अधीक्षक चंद्र प्रकाश तिवारी, भारती मरकाम, आकर्षि कश्यप, नगर सेना के सेनानी नागेंद्र सिंह, रक्षित निरीक्षक नीलकंठ वर्मा सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिवारजन उपस्थित रहे।
