Thursday, July 2, 2026

पर्क्स चयन पोर्टल दोबारा खोलने की मांग, सीटू ने बीएसपी प्रबंधन को सौंपा ज्ञापन

भिलाई : न्यूज़ 36 : हिन्दुस्तान स्टील एम्पलाइज यूनियन (सीटू) ने भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के हित में पर्क्स (Perks) चयन पोर्टल को सीमित अवधि के लिए
पुनः खोलने की मांग की है। इस संबंध में यूनियन ने महाप्रबंधक (मानव संसाधन) को पत्र सौंपकर कर्मचारियों को एक और अवसर देने का अनुरोध किया है।

यूनियन के महासचिव टी. जोगा राव द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि प्रबंधन ने 22 जून तक पर्क्स चयन के लिए पोर्टल खोला था। इस अवधि में कई अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पर्क्स का चयन किया, लेकिन पर्याप्त जानकारी और उचित मार्गदर्शन के अभाव में अनेक कर्मचारी या तो चयन नहीं कर सके या फिर गलत विकल्प चुन बैठे।

सीटू का कहना है कि वर्तमान माह के वेतन भुगतान के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि पर्क्स का चयन नहीं करने अथवा गलत चयन करने के कारण कई कर्मचारियों और अधिकारियों को आयकर में मिलने वाली वैधानिक छूट का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है, जिससे उन्हें अनावश्यक आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
यूनियन ने प्रबंधन से आग्रह किया है कि कर्मचारियों और अधिकारियों के व्यापक हित को ध्यान में रखते हुए पर्क्स चयन पोर्टल को सीमित अवधि के लिए दोबारा खोला जाए। इससे जिन कर्मचारियों का चयन छूट गया है, वे अपना विकल्प चुन सकेंगे और जिनसे जानकारी के अभाव में गलत चयन हो गया है, उन्हें उसमें संशोधन का अवसर मिल सकेगा।

इस संबंध में यूनियन प्रतिनिधियों ने बताया कि महाप्रबंधक (कार्मिक) जे. एन. ठाकुर ने मामले पर सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया है। यूनियन ने उम्मीद जताई है कि प्रबंधन कर्मचारियों के हित में शीघ्र निर्णय लेते हुए पोर्टल को पुनः खोलेगा, जिससे सभी पात्र कर्मचारियों को आयकर में मिलने वाली वैधानिक छूट का लाभ मिल सके।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news