Thursday, March 12, 2026

हथखोज औद्योगिक क्षेत्र में मजदूर की मौत, मुआवजे की मांग को लेकर धरना जारी

भिलाई : न्यूज़ 36 : पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र अंतर्गत हैवी इंडस्ट्रियल एरिया हथखोज स्थित श्रीसाई कंपनी यूनिट-3 में कार्यरत एक मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। मजदूर की मौत के कारणों को लेकर स्थिति अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण सामने आने की बात कही जा रही है।पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक उपेंद्र कुमार (34 वर्ष), जो कंपनी में पिछले 5 वर्षों से जूनियर फीटर के पद पर कार्यरत था, कल कार्यस्थल पर पैदल चलते समय अचानक गिर पड़ा। सहकर्मियों द्वारा उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। कंपनी प्रबंधन की ओर से इस घटना को दुर्घटना से हुई मौत मानने से इनकार किया गया है। वहीं मृतक के परिजनों का कहना है कि घटना कार्यस्थल से जुड़ी होने के कारण उन्हें उचित मुआवजा दिया जाना चाहिए।

इसी मांग को लेकर आज मृतक के परिजन एवं क्रांति सेवा संगठन के कार्यकर्ताओं ने कंपनी प्रबंधन से बातचीत करने का प्रयास किया, लेकिन कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिलने पर आक्रोशित परिजनों एवं संगठन के कार्यकर्ताओं ने कंपनी के मुख्य द्वार के सामने धरना एवं प्रदर्शन शुरु कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने कंपनी गेट पर जमीन पर बैठकर विरोध जताया, जिसके चलते आज कंपनी में कार्य पूरी तरह ठप रहा। खबर लिखे जाने तक धरना प्रदर्शन जारी है और कंपनी प्रबंधन की ओर से मुआवजे को लेकर कोई ठोस आश्वासन नहीं दिया गया है।

इस संबंध में नगर पुलिस अधीक्षक छावनी प्रशांत पैकरा ने बताया कि मजदूर की मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल कंपनी प्रचंधन एवं मृतक के परिजनों के बीच मुआवजे को लेकर सहमति नहीं बन पाने के कारण प्रदर्शन जारी है।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news