भिलाई : न्यूज़ 36 : खुर्सीपार थाना क्षेत्र में नए साल की रात गुटखा लेने घर से निकले युवक पर चार युवकों ने धारदार हथियार और डंडे से प्राणघातक हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल युवक को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है।
जिस युवक पर हमला किया गया उसका नाम बालाजी नगर खुर्सीपार निवासी सुधीर कोसले (22) बताया गया है। वह ओम वायर कंपनी में मजदूरी करता है। प्रार्थी ने पुलिस को बताया कि एक जनवरी की रात करीब 1:15 बजे वह महेश किराना दुकान गुटखा लेने जा रहा था। सिंह आटा चक्की के पास पहुंचते ही आयुष और जीत नामक दो युवक बाइक से उसके पास आए। आरोपियों ने सुधीर से गोल्डीं नामक व्यक्ति के बारे में पूछा। जब सुधीर ने उसे पहचानने से इनकार किया तो कुछ ही देर में रोहण और सागर भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद चारों ने मिलकर सुधीर पर जानलेवा हमला कर दिया। जीत ने डंडे से वार किया, जबकि आयुष ने धारदार लोहे की वस्तु से उसके सिर पर पांच से छह बार हमले किए।

गंभीर चोट लगने के कारण सुधीर के सिर से खून बहने लगा। अपनी जान बचाने के लिए वह वहां से भागा, लेकिन कुछ दूर जाकर गिर गया। झगड़े की आवाज सुनकर सुधीर के पिता धर्मेंद्र कोसले, विकास शाह और रवि चौहान मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल सुधीर को ‘आइएमआइ अस्पताल खुर्सीपार में भर्ती कराया।
मामले में पुलिस ने आरोपियों आयुष, जीत, रोहण और सागर के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
