पूरे शहर की सफाई का एक ठेका करने शासन ने अब तक नहीं दी अनुमति
भिलाई : न्यूज़ 36 : नगर निगम भिलाई शहर की सफाई का नया ठेका देने अब तक टेंडर प्रक्रिया नहीं कर पाया है। इस वजह से अब निगम ने सफाई ठेकेदार को तीन माह का अतिरिक्त समय देने का फैसला किया है। इस तीन माह में निगम टेंडर की प्रक्रिया करेगा। अब तक निगम सफाई ठेका अलग-अलग जोन में बांट कर करता है। यानी एक टेंडर के बजाए सभी काम को अलग-अलग बांट देता है, लेकिन हर बार इसी वजह से सामान्य सभा में विवाद होता है।

टेंडर में गड़बड़ी और सांठगांठ के आरोप लगते हैं। इसका एक बड़ा कारण यह भी है कि पिछले साल निगम प्रशासन ने शहर की सफाई का ठेका देने 8 टेंडर निकाला। इस 8 अलग-अलग टेंडर में कई एजेंसी ने भाग लिया, लेकिन ठेका सिर्फ एक एजेंसी को मिला। ऐसा पिछले सालों में कई बार हुआ है। ऐसे में निगम प्रशासन ने इस साल एक निविदा जारी करने की योजना बनाई है। निविदा जारी करने शासन को अनुमति के लिए प्रस्ताव भी भेजा है, लेकिन दो माह हो गए, शासन से कोई जवाब नहीं मिला है। इसलिए निगम प्रशासन सफाई की निविदा जारी नहीं कर पाया। अब निगम नया निविदा जारी करने की तैयारी कर रहा है। निविदा प्रक्रिया में करीब तीन माह का समय लगेगा। इसलिए निगम प्रशासन ने तीन माह का अतिरिक्त समय ठेकेदार को देगा। निगम अधिकारियों की माने तो पिछले साल टाउनशिप को छोड़कर सिर्फ पटरीपार क्षेत्र की सफाई का ठेका करीब 52 करोड़ रुपए में दिया हुआ है।
जबकि इससे पहले शहर की सफाई’ करीब 36 करोड़ में की जा रही थी। इसके बाद फिर से बढ़ाने की तैयारी की जा रही है और अधिकारियों की माने तो सफाई में निगम 70 करोड़ से ज्यादा राशि खर्च करने की योजना है।
