बीएसपी अधिकारियों एवं ठेकेदार पर अपराध दर्ज
भिलाई : न्यूज़ 36 : भिलाई स्टील प्लांट टाउनशिप में कार्यरत एक ठेका श्रमिक को बिना सुरक्षा उपकरण के बिजली पोल पर चढ़ाना महंगा पड़ गया। घटना में श्रमिक को गंभीर चोटें आईं, जिसकी शिकायत पर पुलिस ने ठेकेदार और संबंधित BSP अधिकारियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरु कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ललित कुमार चन्द्राकर पिता स्वर्गीय भूखन लाल चन्द्राकर, निवासी ग्राम चंदखुरी, जिला दुर्ग, भिलाई स्टील प्लांट टाउनशिप में विद्युत कार्य ठेका श्रमिक के रूप में पिछले लगभग 12 वर्षों से कार्यरत हैं। उन्होंने पुलिस अधीक्षक दुर्ग को लिखित शिकायत आवेदन प्रस्तुत किया था। शिकायत में बताया गया कि दिनांक 03 सितंबर 2025 को ठेकेदार शंकर दयाल सिंह उन्हें सेक्टर-06 जगदम्बा मंदिर के पास बिजली पोल में कार्य कराने लेकर गया था। मौके पर बीएसपी प्रबंधन के अधिकारी राजकिशोर, दिलीप राणे, टिकेंद्र ठाकुर, अशोक साहू, तथा अन्य व्यक्ति मौजूद थे। पीड़ित के अनुसार संबंधित बिजली पोल पहले से ही बैंड व अस्थिर स्थिति में था, जिसकी जानकारी देने के बावजूद उसे बिना सेफ्टी बेल्ट, हेलमेट और गमबूट जबरदस्ती पोल पर चढ़ाया गया।
काम के दौरान पोल को क्रेन के सहारे टिकाकर रस्सी से खींचा जा रहा था। इसी दौरान कमर में लगा झूला खिसक गया और लगभग 15 फीट ऊंचाई से नीचे गिरने से ललित कुमार चन्द्राकर को गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना में दाहिने हाथ, पैर और रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर हुआ।
घायल अवस्था में पहले उन्हें सेक्टर-09 अस्पताल, फिर ईएसआई अस्पताल और बाद में हाईटेक अस्पताल रेफर किया गया। पीड़ित का आरोप है कि पूरी तरह ठीक हुए बिना ही अस्पताल से छुट्टी दे दी गई और इलाज का अधिकांश खर्च उन्हें स्वयं वहन करना पड़ा, जो करीब एक लाख रुपये से अधिक बताया गया है।

पीड़ित का यह भी आरोप है कि ठेकेदार द्वारा मुआवजा और दोबारा काम पर रखने का आश्वासन दिया गया, लेकिन चार माह बीतने के बाद भी कोई मुआवजा नहीं दिया गया। वहीं, केस दर्ज न करने का दबाव और गाली-गलौज किए जाने की बात भी शिकायत में कही गई है।
मामले की जांच के बाद पुलिस द्वारा प्रथम दृष्टया प्रार्थी ललित कुमार चंद्राकर उम्र 38 की रिपोर्ट पर से अपराध क्रमांक 0012/26 के तहत बीएसपी प्रबंधक राजकिशोर, दिलीप राणे, टिकेंद्र ठाकुर, अशोक साहू, महिपाल देशमुख, ठेकेदार शंकर दयाल सिंग 125(b)-BNS, 289-BNS, 3(5)-BNS का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
