दुर्ग : न्यूज़ 36 : कोर्ट स्टाफ एवं पुलिस की मौजूदगी में खुद को मिट्टी तेल डालकर आग लगाने से बुरी तरह झुलसी कांग्रेस नेत्री शबाना निशा उर्फ रानी (37) निवासी पचरी पारा ने डीकेएस हॉस्पिटल रायपुर में इलाज के दौरान शुक्रवार को दम तोड़ दिया है। जानकारी के मुताबिक जिस मकान में शबाना रहती थी उस मकान को लेकर न्यायालय में प्रकरण चल रहा था। पिछले सप्ताह कोर्ट के आदेश पर कोर्ट का स्टाफ एवं पुलिस उसका घर खाली कराने पहुंचे थे। इस पर परेशान होकर शबाना ने स्वयं पर मिट्टी तेल डाल कर आग लगा ली थी। किसी तरह लोगों ने उसे कंबल डाल कर बढ़ाने की कोशिश की और और उसे पहले जिला अस्पताल ले जाया गया जहां से गंभीर स्थिति होने पर उसे तुरंत इलाज के लिए रायपुर ले जाकर भर्ती किया था। 95% जली शबाना निशा ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया है। उल्लेखनीय कि वह पिछले दुर्ग नगर निगम चुनाव में वार्ड क्रमांक 28 पचरी पारा से कांग्रेस के टिकट पर पार्षद पद का चुनाव लड़ चुकी थी। शबाना निशा बचपन से फेरू राम के मकान में किराए से रह रही थी। वह चाहती थी कि मलिक उसे रकम लेकर मकान बेच दे, लेकिन फेरु राम घर नहीं बेचना चाहता था। दोनों के बीच लंबे समय से कोर्ट में विवाद चल रहा था। इस मामले में शबाना को हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद न्यायालय से कब्जा दिलाने के लिए आदेश जारी हुआ था। 22 जनवरी की दोपहर को कोर्ट स्टाफ एवं पुलिस घर खाली करने पहुंचे थे।
