कांग्रेसियों ने किया भाजपा का समर्थन कहा- भ्रष्टाचार की जांच होना चाहिए
भिलाई : न्यूज़ 36 : भिलाई नगर निगम में पेवर ब्लॉक लगाने के नाम पर कथित गड़बड़ी का मुद्दा अब गरमाता जा रहा है। एक ओर जहां भाजपा पार्षदों ने इसकी जांच व कार्रवाई की मांग को लेकर आयुक्त से लेकर कलेक्टर तक शिकायत की है। जिस पर जांच कमेटी बना भी दी गई है। वहीं दूसरी ओर मंगलवार को कांग्रेसी पार्षदों ने प्रेसवार्ता लेकर इस पर अपनी बात रखी, जिसमें कांग्रेसी पार्षद आरोपों का समर्थन करते नजर आए। उन्होंने कहा कि जब सामान्य सभा में भाजपा पार्षद संतोष मौर्या ने पेवर ब्लॉक में गड़बड़ी का आरोप लगाया था, तब भी उनकी शहर सरकार ने समर्थन दिया था। सामान्य सभा में फैसला लिया गया था कि मामले की जांच कराई जाए। आर्थिक अन्वेषण ब्यूरो में शिकायत कर मामले की जांच कराने का आदेश दिया था। कांग्रेसी पार्षदों ने कहा कि परियोजना शाखा के माध्यम से जितने भी विकास के काम बीते कुछ साल में हुए हैं। उन सबकी जांच होनी चाहिए। लेकिन कांग्रेसी पार्षदों ने यह भी कहा कि भाजपा के नेताओं के इशारे पर भिलाई नगर निगम में आयुक्त के पद पर बैठाया है ताकि आयुक्त की आड़ में भ्रष्टाचार को तेज गति से अंजाम दिया जा रहा है और उसका दोषारोपण कांग्रेस के ऊपर किया जा सके। अंत में पार्षदों ने कहा कि वे पूरी सूची लेकर नगरीय प्रशासन मंत्री से मिलकर जांच की मांग करेंगे। प्रेसवार्ता में सीजू एंथोनी, केशव चौबे, लक्ष्मीपति राजू, चंद्रशेखर गवई, साकेत चंद्राकर, एकांश बंछोर, राजेश चौधरी उपस्थित थे।
