Monday, September 28, 2026

ई-चालान के फर्जी लिंक पर क्लिक करना पड़ा महंगा, खरीदे 3 मोबाइल

आर्किटेक्ट से 4.24 लाख रुपये की साइबर ठगी

भिलाई : न्यूज़ 36 : भिलाई में ई-चालान के नाम पर भेजे गए फर्जी लिंक पर क्लिक करने से एक आर्किटेक्ट साइबर ठगी का शिकार हो गया। ठगों ने उसके क्रेडिट कार्ड से 4 लाख 24 हजार 373 रुपयेनिकालकर तीन महंगे मोबाइल फोन खरीद लिए।

मामले में सुपेला पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार राजनांदगांव निवासी अंकेश सिन्हा 6 जून को अपने पारिवारिक कार्य से कोहका स्थित शिक्षक नगर में अपने ससुराल आए हुए थे। शाम करीब 5:41 बजे उनके मोबाइल पर एम-परिवहन के नाम से एक्टिवा वाहन के लिए 1000 रुपये का ई-चालान आने का संदेश मिला। संदेश में दिए गए लिंक पर क्लिक करने के बाद उनका मोबाइल हैक हो गया।

शिकायत के अनुसार शाम 7:03 बजे और 7:06 बजे उनके आईसीआईसीआई बैंक के क्रेडिट कार्ड से क्रमशः 1 लाख 31 हजार 762 रुपये और 2 लाख 92 हजार 611 रुपये की ऑनलाइन ट्रांजेक्शन कर ली गई। कुल 4 लाख 24 हजार 373 रुपये की राशि निकालकर तीन सैमसंग एस-26 अल्ट्रा मोबाइल फोन खरीदे गए।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि यह साइबर धोखाधड़ी अज्ञात मोबाइल नंबरों के धारकों द्वारा की गई। ट्रांजेक्शन संबंधी जानकारी और बिल के आधार पर उसने शिकायत दर्ज कराई। जांच में यह भी सामने आया कि खरीदे गए मोबाइलों की डिलीवरी उत्तर प्रदेश के नोएडा क्षेत्र में कराई गई थी।

शिकायत के आधार पर सुपेला पुलिस ने अपराध क्रमांक 0804/2026 दर्ज कर अज्ञात मोबाइल नंबर धारकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318 (4) के तहत मामला कायम किया है। पुलिस साइबर माध्यम से आरोपियों की पहचान और ट्रांजेक्शन की जांच में जुटी हुई है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी ई-चालान, केवाईसी अपडेट या सरकारी सेवा के नाम पर आए संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन या नजदीकी साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराएं।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news