भिलाई : न्यूज़ 36 : महात्मा ज्योतिबा फुले विद्यालय प्रांगण में ब्राइट स्टार पब्लिक स्कूल पांच रास्ता सुपेला और महात्मा ज्योतिबा फुले विद्यालय कोसा नगर का संयुक्त शाला वार्षिक उत्सव रंगारंग कार्यक्रम के साथ आयोजित किया गया। समारोह में दोनों विद्यालयों के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और विविध प्रतिभा प्रदर्शन से उपस्थित पालकों एवं अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए निर्देशक डॉ. नीलकमल सोनी ने बताया कि वर्ष 1994-95 से दोनों विद्यालय श्रमिक बहुल क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाए हुए है और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु निरंतर कार्यरत है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ बच्चों में संस्कार, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र उत्थान की भावना विकसित करना विद्यालय का प्रमुख उद्देश्य है।
मुख्य अतिथि के रुप में G.E. Foundation के संयोजक प्रदीप पिल्ले ने विद्यार्थियों के साथ अपनी पुरानी यादें साझा करते हुए कहा कि संस्था बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करती रहेगी। उन्होंने इस आयोजन को अपना आयोजन बताते हुए विद्यालय परिवार की सराहना की। विशिष्ट अतिथि एवं शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला सुपेला की प्राचार्या श्रीमती सुनीता लक्ष्मी टिपले ने महात्मा ज्योतिबा फुले के महिला शिक्षा में योगदान को स्मरण करते हुए विद्यार्थियों को महान आदर्शों पर चलने का संदेश दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संजय खंडेलवाल ने की। उन्होंने कहा कि श्रमिक बहुल क्षेत्र में दोनों विद्यालय जिस समर्पण के साथ शिक्षा का प्रसार कर रहे है, ऐसे संस्थानों से ही प्रतिभाशाली विद्यार्थी निकलकर परिवार और राष्ट्र का नाम रोशन करते हैं।
कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन विद्यालय के प्राचार्य श्री बी.आर. साहू ने किया। विशिष्ट अतिथियों में श्री शारदा गुप्ता, श्री सुनील पिल्ले, विनोद उपाध्याय, निशु पाण्डेय, भाष्कर तिवारी, डोमने एवं अरुण साहू उपस्थित रहे। आयोजन में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का सक्रिय योगदान रहा। पालकों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
