अवैध परिवहन का खुलासा
दुर्ग : न्यूज़ 36 : राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) द्वारा चल रहीं शराब घोटाला जांच में एक और बड़ी कार्रवाई सामने आई है। जांच के दौरान दुर्ग स्थित छत्तीसगढ़ डिस्टलरीज प्रा. लिमिटेड, कुम्हारी से अवैध शराब परिवहन में प्रयुक्त 3 वाहनों को जब्त किया गया है। ब्यूरो के अनुसार, डिजिटल एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर यह स्पष्ट हुआ है कि इन वाहनों का उपयोग अवैध शराब (पार्ट-बी) के परिवहन में किया जा रहा था। जांच में यह भी सामने आया कि इन वाहनों के माध्यम से डिस्टलरी से सीधे चयनित शासकीय शराब दुकानों तक अवैध शराब पहुंचाई जाती थी।
प्रारंभिक जांच में यह खुलासा हुआ है कि डिस्टलरी प्रबंधन द्वारा इस अवैध परिवहन के लिए अपने विश्वसनीय व्यक्ति को जिम्मेदारी दी गई थी, जो छोटे ट्रांसपोर्टरों की गाड़ियों का उपयोग कर इस नेटवर्क को संचालित करता था।
उल्लेखनीय है कि इस मामले में पहले ही वेलकम डिस्टलरी, कोटा (जिला बिलासपुर) और भाटिया वाइस डिस्टलरी, सरगांव (जिला मुंगेली) से कुल 16 वाहन जब्त किए जा चुके हैं। अब दुर्ग की डिस्टलरी से 3 और वाहनों की जब्ती के साथ मामले की कड़ियां और मजबूत हो गई हैं।
जांच एजेंसी के अनुसार, अवैध शराब का परिवहन डिस्टलरियों से सीधे शासकीय देशी शराब दुकानों तक किया जाता था, जिसके लिए कुछ चिन्हित वाहनों का बार-बार उपयोग किया जाता रहा। साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर इन वाहनों की पहचान डिस्टलरीवार की गई है। जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि दुर्ग की इस डिस्टलरी में 3 जब्त वाहनों के अलावा अन्य कुछ वाहनों का भी उपयोग किया गया था, जिन्हें या तो स्क्रेप कर दिया गया है या अन्य कार्यों में लगा दिया गया है। इन वाहनों के स्वामित्व और उपयोग को लेकर अलग से जांच जारी है। राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो ने स्पष्ट किया है कि इस बहुचर्चित प्रकरण में आगे की विवेचना और वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
