Sunday, March 22, 2026

सेल प्रबंधन बैठक कर 32,500 रुपये बोनस दे : इंटक

कर्मियों को खाते में मनमाने ढंग से 29,500 बोनस देने पर आक्रोश

रिटायर्ड पैरामेडिकल स्टाफ को भी पुनः रखने की मांग की गई

भिलाई : न्यूज़ 36 : भिलाई स्टील एम्प्लाइज यूनियन इंटक की कार्यकारिणी बैठक में सेल प्रबंधन द्वारा कर्मचारियों के खाते में मनमाने ढंग से 29,500 रुपये बोनस डालने पर नाराजगी जताई गई। यूनियन पदाधिकारियों ने मांग की कि सेल प्रबंधन शीघ्र बोनस पर बैठक कर समझौते के जरिये स्वस्थ परंपरा कायम करे। बैठक में बीएसपी की इंसेंटिव स्कीम रिवाइज करने और अस्पताल के रिटायर्ड पैरामेडिकल स्टाफ को भी डाक्टरों की भांति पुनः सेवाओं में रखने की मांग की गई।

सचिव ताम्रध्वज सिन्हा ने कहा कि बीएसपी की इंसेंटिव स्कीम 30 साल पुरानी है। यूनियन कई बार संशोधन की मांग कर चुकी है, लेकिन अब तक कोई निर्णय नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि स्कीम रिवाइज होने से कर्मचारियों की आय बढ़ेगी और असंतोष कम होगा। बैठक में महासचिव वंश बहादुर सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष पूरन वर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष एस. रवि, उपाध्यक्ष अजय कुमार मार्टिन, गिरिराज देशमुख, सच्चिदानंद पांडेय, उप महासचिव धनेश प्रसाद, रमाशंकर सिंह, शिवशंकर सिंह,अनिमेष पसीने, वरिष्ठ सचिव रेशम राठौर, सचिव ताम्रध्वज सिन्हा सहित अन्य उपस्थित थे।

कोल इंडिया से सीख ले सेल प्रबंधन

महासचिव वंश बहादुर सिंह ने कहा कि कर्मचारियों के खाते में सीधे 29,500 रुपये डालना, उनके सम्मान के साथ खिलवाड़ है। यदि पहली बैठक में सहमति नहीं बनी तो प्रबंधन को पुनः बैठक बुलानी चाहिए थी। कोल इंडिया प्रबंधन ने नवरात्र से पहले बोनस तय करने के लिए खुद हाई कोर्ट में गुहार लगाई और सभी यूनियनों से समझौता किया। इसी तरह सेल को भी यूनियनों से बैठक कर 32,500 रुपये बोनस पर सहमति करनी चाहिए।

रिटायर पैरामेडिकल स्टाफ को भी लिया जाए

उप महासचिव अनिमेष पसीने ने कहा कि रिटायर डाक्टरों को मानदेय पर रखा जा रहा है, लेकिन पैरामेडिकल स्टाफ की उपेक्षा हो रही है। पहले सीएसआर के तहत संचालित स्वास्थ्य केंद्रों में रिटायर्ड पैरामेडिकल स्टाफ को लिया जाता था, पर इस बार प्रबंधन एचएलएल के माध्यम से नए स्टाफ की नियुक्ति कर रहा है। इससे सेक्टर-9 अस्पताल के पैरामेडिकल स्टाफ में आक्रोश है। रिटायर्ड पैरामेडिकल स्टाफ को भी सेवाओं में रखा जाए।

 

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news