भिलाई : न्यूज़ 36 : पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने एक महिला की शिकायत पर पैसे की मांग करने और बदनाम करने की धमकी देने के आरोप में दो लोगों सागर साहू और पुष्पराज राजपूत के खिलाफ मामला दर्ज किया है। उल्लेखनीय है कि उक्त दोनों ही आरोपितों को पुरानी भिलाई पुलिस ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के संबंध में इंटरनेट मीडिया पर कथित रूप से भ्रामक एवं आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित किए जाने के आरोप में बीते 17 जून को गिरफ्तार किया था।
पुलिस के अनुसार, उमदा स्थित दीनदयाल कालोनी निवासी नेहा मिश्रा ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह पिछले – पांच वर्षों से ग्राम उमदा में ग्राहक सेवा केंद्र (सीएससी) का संचालन कर रही हैं। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया है – कि कुछ दिन पहले सागर साहू अपने साथी पुष्पराज राजपूत के साथ आधार
कार्ड की फोटोकापी कराने के बहाने उनके केंद्र पहुंचे। इसके बाद दोनों ने बातचीत का वीडियो बनाकर उसे तोड़-मरोड़ कर इंटरनेट मीडिया पर प्रचारित किया। शिकायत के मुताबिक तीन जून को आरोपितों ने वीडियो हटाने के एवज में 50 हजार रुपये की मांग की। बदनामी के डर से प्रार्थिया ने थाना भिलाई-3 के पीछे आरोपित को 35 हजार रुपये दे दिए, जिसके बाद वीडियो इंटरनेट मीडिया से हटा दिया गया। महिला का आरोप है कि इसके बाद भी आरोपितों ने दो लाख रुपये की और मांग की। रकम नहीं देने पर उन्होंने तीन से अधिक अलग-अलग वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित किए। पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर सागर साहू और पुष्पराज राजपूत के खिलाफ धारा 308 (2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।
