रायपुर : न्यूज़ 36 : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने परीक्षा में शामिल हो रहे विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक संदेश साझा किया है। उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि परीक्षा का समय उत्साह और हल्के तनाव का मिश्रण होता है, लेकिन उन्हें यह याद रखना चाहिए कि वे अकेले नहीं हैं—पूरा प्रदेश उनके साथ खड़ा है।
सोशल मोडिया में बच्चों के नाम पत्र लिख कर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि परीक्षाओं के दौरान घबराहट स्वाभाविक है। यदि मन में डर है तो इसका अर्थ है कि विद्यार्थी अपनी पढ़ाई और भविष्य को गंभीरता से ले रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि डर कमजोरी नहीं, बल्कि जिम्मेदारी का संकेत है।
सीएम साय ने छात्रों को सलाह दी कि वे नियमित अध्ययन करें, कठिन विषयों की पुनरावृत्ति करें और समय का सही प्रबंधन बनाए रखें। साथ ही पर्याप्त नींद लेने, पौष्टिक भोजन करने और कुछ दिनों के लिए मोबाइल से दूरी बनाकर लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने की अपील भी की।
उन्होंने विश्वास जताया कि छत्तीसगढ़ के विद्यार्थी इस बार भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपने परिवार और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। अंत में मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को स्नेह व आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा-
“ऑल द बेस्ट बच्चों “
