Monday, October 12, 2026

वाहन की टक्कर पर खूनी विवाद! दो युवकों से मारपीट

धारदार हथियार दिखाकर धमकाया : तीन आरोपी गिरफ्तार

भिलाई : न्यूज़ 36 : वाहन को रिवर्स करने के दौरान मोटरसाइकिल से हुई टक्कर के बाद शुरू हुआ विवाद मारपीट और जान से मारने की धमकी तक पहुंच गया। भिलाई नगर थाना क्षेत्र के रूआबांधा स्थित छत्तीसगढ़ सब्जी मंडी के पास हुई इस घटना में दो युवकों के साथ गाली-गलौज कर हाथ-मुक्कों और डंडे से मारपीट करने तथा मुर्गी काटने में इस्तेमाल होने वाला धारदार हथियार दिखाकर धमकाने का आरोप है। मामले में दुर्ग पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजने के लिए न्यायालय में पेश किया है। इस प्रकरण में एक अन्य आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

कार रिवर्स करते समय मोटरसाइकिल से टकराई

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी दीपक कुमार साहू ने थाना भिलाई नगर में शिकायत दर्ज कराई कि उनके पुत्र सुदीप कुमार साहू और उत्सव साहू सेक्टर-9 स्थित हनुमान मंदिर जाने के लिए निकले थे। रास्ते में नारियल लेने के लिए दोनों रूआबांधा स्थित छत्तीसगढ़ सब्जी मंडी के पास रुके थे। इसी दौरान मुस्तफा रजा अपनी कार पीछे कर रहा था, तभी कार मोटरसाइकिल से टकरा गई और दोनों युवक गिर गए।

कहासुनी के बाद मारपीट और हथियार से धमकी

वाहन की टक्कर को लेकर शुरू हुई कहासुनी ने देखते ही देखते गंभीर रूप ले लिया। आरोप है कि मुस्तफा रजा ने अपने साथियों के साथ मिलकर दोनों युवकों से गाली-गलौज की और हाथ-मुक्कों व डंडे से मारपीट की। इतना ही नहीं, आरोपियों ने मुर्गी काटने में इस्तेमाल होने वाला धारदार हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी। घटना की शिकायत मिलने के बाद भिलाई नगर पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश में जुट गई।

तीन आरोपी गिरफ्तार, एक पहले ही जेल में

पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए 12 अक्टूबर 2026 को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें मुस्तफा रजा (25), नासिर अहमद (25) और लक्ष्मीनारायण जोशी (28) शामिल हैं। तीनों को न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया गया। वहीं, इस प्रकरण के चौथे आरोपी शोएब खान (21) को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। उसे 11 अक्टूबर 2026 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया था।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

आरोपियों की पतासाजी, गिरफ्तारी और वैधानिक कार्रवाई में थाना भिलाई नगर के निरीक्षक जितेंद्र वर्मा, उपनिरीक्षक फगु राम लहरे तथा आरक्षक अनूप कुमार शर्मा, इसरार खान, दिनेश, छोटे लाल और हसन अली की भूमिका रही।

 

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news