आरोपी ट्रक चालक पर मामला दर्ज
दुर्ग : न्यूज़ 36 : धमधा थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हो गया। पुलिस ने मामले में ट्रक चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
धमधा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 10 अप्रैल 2026 को सुरेश कुमार मारकंडेय (36 वर्ष), निवासी ग्राम परसबोड थाना साजा जिला बेमेतरा, अपने साथी सूर्यकांत मारकंडेय के साथ मोटरसाइकिल (ग्लैमर CG 25 D 5860) से तुलसीपुर से वापस लौट रहे थे। दोपहर करीब 3 बजे वे पेंड्रो चौक से करीब एक किलोमीटर आगे देवकर रोड पहुंचे ही थे कि सामने से आ रहे ट्रक (क्रमांक CG 04 PJ 8243) के चालक ने तेज गति और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में दोनों सवार सड़क पर गिर गए, जिससे सुरेश कुमार को गंभीर चोटें आईं, जबकि सूर्यकांत भी घायल हो गया। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान सुरेश कुमार मारकंडेय की मौत हो गई।
घटना की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरु की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और गवाहों के बयान के आधार पर ट्रक चालक के खिलाफ अपराध क्रमांक 0105/26 दर्ज किया गया है। आरोपी के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1), 125(ए) और 281 के तहत मामला कायम कर विवेचना की जा रही है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।
