69 स्थाई वारंट भी शामिल
भिलाई : न्यूज़ 36 : दुर्ग पुलिस ने लंबित न्यायालयीन वारंटों की तामिली को लेकर विशेष अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। ACCU (एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट) तथा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने दो दिन के विशेष अभियान में कुल 247 न्यायालयीन वारंट तामील किए। इनमें 69 स्थाई वारंट शामिल हैं।
मारपीट से लेकर आर्म्स एक्ट और एनआई एक्ट तक के मामलों में कार्रवाई
अभियान के दौरान मारपीट, चाकूबाजी, आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम, एनआई एक्ट सहित विभिन्न आपराधिक मामलों से जुड़े लंबित न्यायालयीन वारंटों पर कार्रवाई की गई।
पुलिस टीमों ने न्यायालयीन अभिलेखों में दर्ज जानकारी का परीक्षण करने के साथ ही स्थानीय सूचना तंत्र को सक्रिय किया। वारंटियों के संभावित निवास और ठिकानों की जानकारी जुटाकर अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी गई और वारंटों की तामिली सुनिश्चित की गई।

थाना-वार उपलब्ध आंकड़ों का योग : 178 वारंट स्थाई वारंट : 69
कुल समेकित कार्रवाई : 247 वारंट
न्यायालय में प्रस्तुत किए गए वारंटी
पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान तामील किए गए सभी संबंधित वारंटियों को नियमानुसार उनके संबंधित न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। इसके बाद न्यायालयीन प्रक्रिया के अनुसार अग्रिम कार्रवाई की गई।
इस अभियान का उद्देश्य लंबे समय से लंबित न्यायालयीन वारंटों की प्रभावी तामिली सुनिश्चित करना तथा न्यायालय के आदेशों के पालन में पुलिस स्तर आवश्यक कार्रवाई करना रहा।
रिकॉर्ड और स्थानीय सूचना तंत्र के आधार पर दबिश
पुलिस टीमों ने वारंटियों की पतासाजी के लिए उपलब्ध न्यायालयीन अभिलेखों, स्थानीय सूचना तंत्र और अन्य उपलब्ध जानकारियों का उपयोग किया। संभावित ठिकानों की पहचान कर लगातार दबिश दी गई, जिसके परिणामस्वरुप बड़ी संख्या में लंबित वारंटों की तामिली संभव हो सकी।
दुर्ग पुलिस की अपील : दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि न्यायालयीन प्रकरणों में न्यायालय के निर्देशों एवं वैधानिक प्रक्रिया का पालन करें। न्यायालय द्वारा जारी वारंट अथवा अन्य वैधानिक कार्रवाई से बचने का प्रयास न करें। कानून एवं न्यायालयीन प्रक्रिया के पालन में पुलिस का सहयोग करें।
