आत्महत्या, हादसा या हत्या-जांच में जुटी पुलिस
भिलाई : न्यूज़ 36 : भिलाई नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत सेक्टर-8 में सोमवार शाम एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां एक 50 वर्षीय महिला की जली हुई लाश उसके ही घर के बाथरूम में मिली। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि महिला ने आत्मघाती कदम उठाया, किसी दुर्घटना का शिकार हुई या फिर उसकी हत्या की गई है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार बाथरूम से आग की लपटें और धुआं उठता देख पड़ोसियों ने तत्काल डायल-112 एवं फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही भिलाई नगर पुलिस एवं एफएसएनएल (FSNL) टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक महिला की 100 प्रतिशत जलने से मौके पर ही मौत हो चुकी थी। मृतका की पहचान श्रीमती रंजना देवांगन (उम्र 50 वर्ष), निवासी सेक्टर 8. भिलाई के रूप में हुई है।
नगर पुलिस अधीक्षक सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि मृतका उच्च शिक्षित थीं। उनके पति इंजीनियर है, एक पुत्र डॉक्टर है जबकि दूसरी संतान बेटी एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही है। महिला स्वयं बच्चों को ट्यूशन पढ़ाने का कार्य करती थीं। एमएससी तक की शिक्षा प्राप्त की है। ट्यूशन में भी मैथ्स पढ़ाया करती थी।
मौके से नहीं मिला सुसाइड नोट
पुलिस को घटनास्थल से कोई भी सुसाइड नोट नहीं मिला है, वहीं बाथरूम से माचिस की डिबिया एवं अन्य साक्ष्य भी जब्त किए गए हैं। प्रथम दृष्टया महिला की मृत्यु जलने से होना प्रतीत हो रहा है, लेकिन वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
घटना के समय घर में अकेली थी महिला
पुलिस के अनुसार घटना के समय महिला घर में अकेली थी। उनके पति एवं दोनों बच्चे अपने-अपने निजी कार्यों से बाहर गए हुए थे। शाम करीब 5 बजे के आसपास पड़ोसियों ने घर से धुआं उठता देखा, जिसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।
एफएसएनएल टीम द्वारा घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है तथा पंचनामा कार्यवाही के उपरांत मर्ग कायम कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट एवं साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद ही यह तय किया जा सकेगा कि मामला आत्महत्या, दुर्घटना या किसी आपराधिक घटना से जुड़ा है। फिलहाल भिलाई नगर पुलिस के द्वारा पंचनामा कार्रवाई के बाद मर्ग कायम कर विवेचना की जा रही है।
