Saturday, June 27, 2026

पुलगांव पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 3 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

डेढ़ लाख रुपये का माल जब्त, मुखबिर की सूचना पर दबिश, ग्राहकों की तलाश में घूम रहे थे आरोपी

दुर्ग : न्यूज़ 36 : अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलगांव पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी और बिक्री में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 3 किलोग्राम गांजा, बिक्री की नगदी और अन्य सामग्री सहित कुल 1.50 लाख रुपये से अधिक मूल्य का सामान जब्त किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 27 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि उटोपिया के सामने पोटिया रोड, पुलगांव क्षेत्र में एक व्यक्ति अवैध गांजा रखकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदेही को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम ओमकार यादव (21 वर्ष) निवासी कुन्दरापारा, पोटियाकला बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से गांजा बरामद किया गया।

पुछताछ और मेमोरेंडम कथन में ओमकार यादव ने खुलासा किया कि वह अपने साथी मोहन कुम्भार (24 वर्ष) के साथ मिलकर गांजा मंगाकर उसकी अवैध बिक्री करता है। आरोपी ने बताया कि दोनों अटल आवास बोरसी पानी टंकी के पास खड़ी एक खराब कार में गांजा की पुड़िया तैयार कर बिक्री करते थे।

सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दूसरे आरोपी मोहन कुम्भार को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से भी अवैध गांजा बरामद हुआ।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 2.992 किलोग्राम गांजा और 700 रुपये नकद बरामद किए हैं। जब्त सामग्री का कुल मूल्य 1 लाख 50 हजार 200 रुपये बताया गया है।

आरोपियों के खिलाफ थाना पुलगांव में अपराध क्रमांक 602/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (ख) में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। बाद में दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी अवैध आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से गांजा की तस्करी और बिक्री का कार्य कर रहे थे।

इस कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक सुभाष साहू, प्रधान आरक्षक सुनील सोनी, मनोज पटेल, आरक्षक हेमेन्द्र कुर्रे, मनोज यादव तथा आरक्षक चालक हरीशचंद सिन्हा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी, परिवहन अथवा अवैध बिक्री संबंधी किसी भी सूचना की तत्काल पुलिस को जानकारी दें, ताकि नशामुक्त समाज के निर्माण में प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news