भिलाई : न्यूज़ 36 : नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन विश्वास” के तहत दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब के परिवहन और बिक्री में संलिप्त 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दबिश देकर आरोपियों के कब्जे से बडी मात्रा में अवैध शराब, नकदी और एक मोटरसाइकिल जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 21 और 22 जून को थाना उतई, रानीतराई, खुर्सीपार और छावनी क्षेत्र में मुखबिर की सूचना पर पांच अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की गई। इस दौरान कुल 297 पौवा और 14 बोतल अवैध शराब, बिक्री से प्राप्त 20 हजार 780 रुपये नकद तथा शराब परिवहन में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद की गई।
थाना उतई क्षेत्र के ग्राम पतोरा में पुलिस ने पुरेंद्र ठाकुर और शिवराम यादव को मोटरसाइकिल से 32 पौवा अवैध शराब परिवहन करते हुए गिरफ्तार किया। वहीं मुक्तिधाम रोड पतोरा से दिलेश कुमार पारधी के कब्जे से 30 पौवा शराब जब्त की गई।
थाना रानीतराई क्षेत्र के ग्राम घोरारी में आरोपी नोगेंद्र बंजारे को अवैध शराब बिक्री करते हुए पकड़ा गया। उसके पास से 203 पौवा शराब और 700 रुपये नकद बरामद किए गए।
इसी प्रकार थाना खुर्सीपार क्षेत्र के उड़िया बस्ती बापूनगर में मुबारक हुसैन के कब्जे से 32 पौवा शराब और 6 हजार रुपये नकद जब्त किए गए। थाना छावनी क्षेत्र के शीतला मंदिर कॉम्प्लेक्स खंडहर के पास से शुभम तागड़े को 14 बोतल शराब और 200 रुपये नकद के साथ गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
दुर्ग पुलिस ने कहा है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब एवं अन्य नशीले पदार्थों के संबंध में किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।
