भिलाई : न्यूज़ 36 : भिलाई इस्पात संयंत्र ने जुलाई 2026 में उत्कृष्ट उत्पादन प्रदर्शन करते हुए अनेक प्रमुख उत्पादन इकाइयों में अब तक के सर्वश्रेष्ठ जुलाई रिकॉर्ड को उल्लेखनीय अंतर से पीछे छोड़ दिया है। सिंटर प्लांट ने अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखते हुए कुल सिंटर उत्पादन 7,88,130 टन दर्ज किया, जो जुलाई 2023 के 7,21,848 टन के रिकॉर्ड से अधिक है। यह जुलाई माह के दौरान सभी उत्पादन मानकों में सर्वाधिक परिमाणात्मक वृद्धि रही। वहीं सिंटर प्लांट-3 ने 5,38,741 टन उत्पादन कर जुलाई 2023 में दर्ज अपने पिछले सर्वश्रेष्ठ रिकॉर्ड 5,00,929 टन को पार करते हुए नया मासिक कीर्तिमान स्थापित किया।
ब्लास्ट फर्नेस-8 ने 2,60,542 टन हॉट मेटल उत्पादन कर, जुलाई 2023 में दर्ज पिछले सर्वश्रेष्ठ उत्पादन रिकॉर्ड 2,35,864 टन को पार किया। इसके साथ ही ब्लास्ट फर्नेस-8 ने 2.46 टन प्रति घन मीटर प्रतिदिन की रिकॉर्ड उत्पादकता भी हासिल की, जो जुलाई 2025 के 2.23 टन प्रति घन मीटर प्रतिदिन के पूर्व रिकॉर्ड से बेहतर है।
स्टील मेल्टिंग शॉप-3 (एसएमएस-3) ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ब्लूम उत्पादन में नया रिकॉर्ड स्थापित किया। जुलाई 2026 में ब्लूम उत्पादन 1,29,050 टन दर्ज किया गया, जो जुलाई 2023 के 1,07,126 टन के रिकॉर्ड से अधिक है। वहीं कास्ट स्टील उत्पादन 3,38,496 टन दर्ज किया गया, जिसने जुलाई 2023 के 3,01,013 टन के पिछले सर्वश्रेष्ठ रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया।
संयंत्र ने समेकित उत्पादन मानकों में भी उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल कीं। कुल हॉट मेटल उत्पादन 5,44,049 टन रहा, जिसने जुलाई 2023 के 5,09,691 टन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। वहीं कुल क्रूड स्टील उत्पादन 5,17,656 टन दर्ज किया गया, जो जुलाई 2023 में रिकॉर्ड पिछले सर्वश्रेष्ठ 4,82,573 टन के रिकॉर्ड से अधिक है। इसी प्रकार, कुल सेलेबल स्टील उत्पादन 4,83,949 टन रहा, जिसने जुलाई 2023 के 4,55,247 टन के पूर्व रिकॉर्ड को पार करते हुए नया जुलाई रिकॉर्ड स्थापित किया।
