भिलाई : न्यूज़ 36 : नगर निगम भिलाई अपना नया कार्यालय भवन बनाने वाला है। इसके लिए शहर में दो जगह की तलाश की गई थी, लेकिन अब फैसला किया गया है कि निगम मुख्यालय के बाजू में सालों से खाली पड़ी जमीन पर ही नई बिल्डिंग बनाई जाएगी।

मंगलवार को नगर निगम मुख्यालय में सामान्य सभा रखी गई है, जहां विभिन्न विषयों पर चर्चा की जाएगी। इसमें से एक निगम के भवन का विषय भी है। बता दें कि निगम प्रशासन का भवन पुराना होने के साथ ही कमजोर हो चुका है। इसलिए निगम प्रशासन रायपुर निगम की तरह अपना नया भवन बनाने की योजना बनाया है। करीब 10 साल से फाइल में योजना तैयार है, लेकिन सिर्फ बजट नहीं मिलने की वजह से निगम अब तक नया भवन नहीं बनवा पाया है। लेकिन कुछ माह पहले सीएम विष्णुदेव साय भिलाई निगम आए थे, तब उन्होंने करोड़ों के विकास कार्य का लोकार्पण और भूमिपूजन किया था। इसी दौरान उन्होंने निगम का नया भवन बनाने 20 करोड़ रुपए का बजट देने की घोषणा की थी। इसके बाद निगम प्रशासन ने शहर में दो जगह की तलाश की थी। पहला जुनवानी धमधा रोड और दूसरा हाउसिंग बोर्ड मुख्य मार्ग के पास। दोनों जगह ढाई से 6 किलोमीटर मेन रोड से दूर है और यहां आने-जाने में लोगों को परेशानी होगी।
इसलिए आखिर में तय किया गया कि निगम मुख्यालय के बाजू में ही 6 एकड़ जमीन खाली है। यही पर निगम अपना नया भवन बनाएगा। इस पर सामान्य सभा में अंतिम फैसला होगा। आज सामान्य सभा में वार्ड 25 जवाहर नगर हाउसिंग में 2.75 एमएलडी फिल्टर प्लांट से क्लियर वॉटर देने संपवेल, पंप हाउस और राइजिंग मेन पाइप लाइन बिछाने, जर्जर पानी टंकी को तोड़कर 1000 किलो लीटर क्षमता के पानी टंकी बनाने के प्रस्ताव पर फैसला होगा।
