कथित प्राधिकरण पत्र के आधार पर राज्य के विधानसभा क्षेत्रों में सर्वे कराया जा रहा था
व्यक्तिगत जानकारी नाम, फोन नंबर, धर्म, वर्ग, राजनीतिक राय जैसे संवेदनशील प्रश्न पूछे जा रहे
भिलाई : न्यूज़ 36 : छत्तीसगढ़ में कथित अवैध और आपत्तिजनक राजनीतिक सर्वे को लेकर कांग्रेस ने शनिवार कड़ा विरोध दर्ज कराया। वाट इंडिया थिंक्स के नाम से चल रहे सर्वे में धर्म, जाति, मतदान पसंद और नेताओं के खिलाफ प्रश्न पूछे जाने को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भट्टी थाना का घेराव किया। इस प्रदर्शन में कांग्रेस के भिलाई जिला अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर, नगर निगम महापौर नीरज पाल, निगम के राजस्व प्रभारी सीजू एंथोनी, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के ओएसडी मनीष बंछोर, पूर्व महापौर नेता लोधी सहित अनेक वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि कथित प्राधिकरण पत्र के आधार पर राज्य के विधानसभा क्षेत्रों में सर्वे कराया जा रहा था, जिसमें नागरिकों की व्यक्तिगत जानकारी नाम, फोन नंबर, धर्म, वर्ग, राजनीतिक राय जैसे संवेदनशील प्रश्न पूछे जा रहे थे। कांग्रेस ने इसे कानून और नैतिकता का उल्लंघन बताते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भिलाई नगर के सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी मौके पर पहुंचे और कांग्रेस नेताओं से चर्चा की। राजस्व प्रभारी सीजू एंथोनी ने बताया कि सर्वे करते पकड़े गए छह लोग उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के निवासी हैं। कांग्रेस की शिकायत पर पुलिस ने उनके खिलाफ धारा 151 के तहत कार्रवाई करते हुए अपराध पंजीबद्ध किया है।
सीजू एंथोनी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और सरकार के खिलाफ इस तरह का सर्वे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मांग की कि सर्वे के पीछे की एजेंसी, फंडिंग और उद्देश्य की विस्तृत जांच हो।
नेताओं ने यह भी कहा कि पूर्व की कांग्रेस सरकार और बेटे चैतन्य बघेल से जुड़े सवालों को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उनके भड़काऊ ढंग से पूछना लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में ऐसे सर्वे दोबारा सामने आए तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखते हुए जांच जारी रखने का भरोसा दिलाया।
