भिलाई : न्यूज़ 36 :
नगर पालिक निगम भिलाई में अब सारी फाइलें ऑनलाइन चलेंगी। आयुक्त ने आदेश जारी कर 2 जून से सभी विभागों, जोनों में ई-ऑफिस पोर्टल के माध्यम से पत्राचार और नोटशीट अनिवार्य कर दिया है। मैनुअल नस्ती प्रस्तुत करने पर रोक लगा दी गई है। शासन ने सभी कार्यालयों में ई-ऑफिस से अंतरविभागीय पत्राचार और शासन को भेजे जाने वाले पत्र अनिवार्य किए हैं। निगम आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय के मुताबिक सभी अधिकारियों-कर्मचारियों की आईडी तैयार कर ऑनबोर्डिंग और प्रशिक्षण पूरा हो चुका है। बावजूद इसके जोन और विभागों द्वारा अभी भी मैनुअल फाइल ही भेजी जा रही है, जो शासन निर्देशों की अवहेलना है।
किसे भेजा गया आदेश : अपर आयुक्त, मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, उपायुक्त क/कक, जोन आयुक्त जोन-1 से 5, सभी कायर्पालन अभियंता, लेखाधिकारी, स्वास्थ्य अधिकारी, राजस्व अधिकारी, सभी विभाग प्रमुख, जनसंपर्क अधिकारी को भिलाई निगम के आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने आदेश किया है। आदेश में कहा है कि 2 जून के बाद यदि कोई विभाग, जोन ई-ऑफिस पोर्टल के माध्यम से पत्राचार, नोटशीट प्रस्तुत नहीं करता है, तो उसके लिए विभाग प्रमुख स्वयं जिम्मेदार होंगे और कार्रवाई होगी।
