भिलाई : न्यूज़ 36 : जिले के पेट्रोल पंप संचालकों को दोपहिया वाहन चालकों को बिना हेलमेट पेट्रोल वितरण नहीं करने का आदेश जिला दण्डाधिकारी द्वारा जारी किया गया था। कुछ पेट्रोल पंप संचालकों द्वारा उक्त आदेश को ताक पर रखकर बिना हेलमेट वाले वाहन चालकों को पेट्रोल दिया जा रहा था। इसकी शिकायत पर मंगलवार को खाद्य विभाग द्वारा जांच की गई। इसी कड़ी में महामाया फ्यूल्स रिसाली एवं रिलायंस बींपी मोबिलिटी लिमिटेड पुलगांव नाका पेट्रोल पंपों की जांच खाद्य विभाग के जांच दल द्वारा की गई। इस दौरान बिना हेलमेट पेट्रोल दिया जाना पाया गया। नागरिकों की सुरक्षा के दृष्टिकोण से दोनों पंपों में आगामी आदेश तक वितरण स्थगित किया गया है।
उल्लेखनीय है कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग द्वारा 12 अगस्त को इस
संबंध में कलेक्टर को पत्र लिखा गया था, जिसमें कहा गया था कि जिले में दोपहिया वाहन चालकों को स्वयं की सुरक्षा के लिए हेलमेट धारण करने व सड़क दुर्घटनाओं से हो रही जन-धन की हानि को नियंत्रित करने के लिए लगातार जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
फिर भी कई वाहन चालक बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चला रहे हैं। ऐसे वाहनों चालकों को पेट्रोल पंपों से पेट्रोल वितरण नहीं किए जाने का अनुरोध किया गया था। जिस पर कलेक्टर व जिला दण्डाधिकारी द्वारा उक्ताशय का आदेश जारी किया गया।
