नशा मुक्ति, साइबर सुरक्षा और महिला सुरक्षा पर विशेष मार्गदर्शन
दुर्ग : न्यूज़ 36 : समाज में नशा मुक्ति, साइबर अपराधों की रोकथाम, सड़क दुर्घटनाओं में कमी एवं महिला सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से अपोलो कॉलेज अंजोरा में दुर्ग पुलिस द्वारा एक संयुक्त जनजागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस विभाग एवं कॉलेज प्रबंधन के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में विद्यार्थियों एवं प्राध्यापकों को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
सेमिनार के दौरान नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे “विश्वास” अभियान के तहत डायल 1933 एवं मानस पोर्टल की जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने छात्रों को बताया कि मादक पदार्थों की अवैध गतिविधियों की सूचना इस हेल्पलाइन पर देकर समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग किया जा सकता है।साथ ही, साइबर टीम द्वारा बढ़ते ऑनलाइन अपराधों को देखते हुए साइबर सुरक्षा पर विशेष मार्गदर्शन दिया गया। छात्रों को फर्जी कॉल, लिंक, OTP साझा करने जैसी धोखाधड़ी से बचने के उपाय बताए गए तथा किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत डायल 1930 पर सूचना देने की सलाह दी गई।कार्यक्रम में यातायात पुलिस टीम ने सड़क सुरक्षा नियमों के पालन की आवश्यकता पर जोर देते हुए हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, ओवरस्पीडिंग से बचाव एवं सुरक्षित ड्राइविंग के नियमों की जानकारी दी। वहीं, दुर्ग रक्षा टीम द्वारा महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा के उपाय एवं आपातकालीन सहायता सेवाओं से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी साझा की गई।
इस जनजागरूकता कार्यक्रम में लगभग 250 छात्र-छात्राएं एवं कॉलेज स्टाफ उपस्थित रहे, जिन्होंने सक्रिय सहभागिता दिखाते हुए विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की।इस सेमिनार के माध्यम से डायल 1930 एवं 1933 का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया, जिससे नशे एवं साइबर अपराधों के विरुद्ध जनजागरूकता बढ़ाने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम के सफल आयोजन में चौकी अंजोरा पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने की अपील : दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों की अवैध बिक्री की सूचना डायल 1933 पर दें, आपकी पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी। साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत 1930 पर संपर्क करें और यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें।
