113 ग्राम नकली सोने के जेवर जप्त, आरोपी गिरफ्तार
भिलाई : न्यूज़ 36 : नकली स्वर्ण आभूषणों पर कूटरचित हॉलमार्क अंकित कर बैंक में गिरवी रखकर ऋण लेने का प्रयास करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामला छावनी थाना क्षेत्र स्थित City Union Bank की नंदिनी रोड शाखा का है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणि शंकर चंद्र ने बताया कि शाखा प्रबंधक अनुराग बंधु ने पुलिस को सूचना दी कि 20 फरवरी 2026 की सुबह लगभग 10:30 बजे एक व्यक्ति स्वर्ण आभूषण गिरवी रखकर ऋण लेने के लिए बैंक पहुंचा था। बैंक के स्वर्ण परीक्षक राकेश कुमार गुप्ता द्वारा परीक्षण करने पर प्रस्तुत आभूषण नकली पाए गए।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने 113 ग्राम वजन के नकली आभूषणों पर 833 एवं 916 कैरेट का फर्जी हॉलमार्क अंकित कर उन्हें असली बताने का प्रयास किया। यदि परीक्षण के दौरान यह धोखाधड़ी पकड़ में नहीं आती, तो बैंक को भारी आर्थिक क्षति हो सकती थी।
शिकायत के आधार पर थाना छावनी में अपराध दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318 (4), 336(2) एवं 62 के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। जांच के दौरान आरोपी के कब्जे से 01 हार, 02 कंगन, 02 चैन, 01 ब्रेसलेट एवं 01 अंगूठी सहित कुल 113 ग्राम नकली आभूषण जब्त किए गए। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राज कुमार पातरा (37 वर्ष), निवासी राघा नगर, थाना घाटला, जिला मेदिनीपुर (पश्चिम बंगाल), वर्तमान निवास प्रेम सागर चौक, बैगा पारा, दुर्ग के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि इस कार्रवाई में थाना छावनी प्रभारी एवं विवेचना अधिकारी सहित पुलिस स्टाफ की सक्रिय भूमिका रही। वहीं, बैंक के स्वर्ण परीक्षक की सतर्कता से बैंक को संभावित आर्थिक नुकसान से बचाया जा सका।
