आक्रोशितो ने किया जामुल थाने का घेराव
स्कूटी जलाने के विवाद ने लिया हिंसक रूप, बॉम्बे आवास में खूनी संघर्ष
भिलाई : न्यूज़ 36 : जामुल थाना क्षेत्र के बॉम्बे आवास घासीदास नगर में मंगलवार रात उस समय तनाव की स्थिति निर्मित हो गई जब 10 से 15 युवक के समूह ने एक घर में घूसकर परिवार के सदस्यों औरबीच-बचाव करने आए पड़ोसियों पर हमला कर दिया। घटना में गर्भवती महिला समेत कई लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जामुल पुलिस ने बताया कि वार्ड-23 घासीदास नगर निवासी दीपक साहू और उनके परिवार पर अज्ञात आरोपियों ने हमला किया। हमलावरों ने घर में घुसकर जमकर मारपीट की। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे पड़ोसियों को भी आरोपियों ने नहीं बख्शा और उन पर भी हमला कर दिया।
हमले में पड़ोसी सतीश मार्कण्डेय और आरती साहू गंभीर रुप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि आरती साहू गर्भवती हैं। घटना में घायल सभी लोगों को पहले सीसीएम मेडिकल कॉलेज, कचांदुर ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए श्री शंकराचार्य अस्पताल रेफर किया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार दो दिन पहले दीपक साहू के घर के बाहर खड़ी स्कूटी में आग लगाने के मामले में एक नाबालिग को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। आरोप है कि जमानत मिलने के बाद उसी मामले से जुड़े लोगों ने मंगलवार रात करीब 8.30 बजे दीपक साहू के घर पहुंचकर उत्पात मचाया और हमला कर दिया।
घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग देर रात जामुल थाने पहुंच गए और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने का घेराव किया। लोगों का आरोप है कि पूर्व की घटना के बाद समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से आरोपियों के हौसले बुलंद हुए।
जामुल थाना प्रभारी रामेन सिंह ने बताया फिलहाल जामुल थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और हमले में शामिल आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
