त्योहारी सीजन से पहले निगम की सख्ती, महापौर अल्का बाघमार ने इंदिरा मार्केट का किया निरीक्षण
दुर्ग : न्यूज़ 36 : शहर के इंदिरा मार्केट में त्योहारी – सीजन के दौरान व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने और सुगम आवागमन के उद्देश्य से निगम ने अभियान की तैयारी की है। इस क्रम में महापौर अल्का बाघमार और बाजार प्रभारी शेखर चंद्राकर के साथ बाजार क्षेत्र का निरीक्षण किया। महापौर अल्का बाघमार ने करीब दो घंटे तक फूल चौक से कुआं चौक होते हुए इंदिरा गांधी प्रतिमा के आसपास के सभी प्रमुख मार्गों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सामान सड़क पर बाहर निकालकर व्यवसाय करने वालों को चेतावनी दी।
उन्होंने कहा कि सड़क की सीमा का उल्लंघन कर अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध सामान जब्ती और जुर्माने की सख्त कार्रवाई की जाएगी। महापौर ने बाजार विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि इंदिरा गांधी प्रतिमा के आसपास पसरा लगाने वालों को सड़क तक अतिक्रमण करने की अनुमति बिल्कुल न दी जाए।
बाजार क्षेत्र में नियमानुसार चूने से मार्किंग कराई जाए, ताकि पसरा लगाने के लिए निर्धारित सीमा स्पष्ट हो सके और राहगीरों के आने-जाने के लिए पर्याप्त रास्ता उपलब्ध रहे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाजार में व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित निगरानी की जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। महापौर ने कहा कि दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ जैसे प्रमुख त्योहारों के मद्देनजर बाजारों में बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में बाजार की स्वच्छता, सुरक्षा, अतिक्रमण नियंत्रण और सुगम यातायात सुनिश्चित करना निगम की प्राथमिकता है। लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए निगम द्वारा विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। इस दौरान राजस्व प्रभारी शेखर चंद्राकर, स्वास्थ्य प्रभारी नीलेश अग्रवाल, पार्षद रंजीता पाटिल के साथ ब्बाजार विभाग एवं तोडू दस्ते के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
