Saturday, February 21, 2026

दुर्ग पुलिस से हाथापाई शासकीय कार्य में बाधा मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग : न्यूज़ 36 : बिना अनुमति मार्ग जाम कर शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने के प्रकरण में फरार चल रहे आरोपी प्रदीप सिन्हा को थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में अब तक कुल 11 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

पुलिस के अनुसार 01 दिसंबर 2025 को सिटी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत पटेल चौक स्थित बीएसएनएल कार्यालय के सामने कुछ व्यक्तियों द्वारा जमीन रजिस्ट्री की बढ़ी हुई दरों के विरोध में बिना पूर्व अनुमति के मार्ग अवरुद्ध कर प्रदर्शन किया गया था। ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल द्वारा समझाइश देने पर प्रदर्शनकारियों ने हाथापाई कर शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की और आवागमन बाधित किया।

घटना के दौरान प्रधान आरक्षक राधेश्याम चंद्राकर सहित आरक्षक केशव कुमार, तुषार सलामे, अजय साहू एवं हिमांशु जंघेल को चोटें आई थीं। मामले में अपराध क्रमांक 609/2025 धारा 221, 126(2), 191(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई थी। जांच के दौरान पूर्व में 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था। सतत पतासाजी के क्रम में फरार आरोपी प्रदीप सिन्हा (36 वर्ष), निवासी सरस्वती नगर, दुर्ग को 20 फरवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया गया। पुलिस द्वारा अन्य संबंधित तथ्यों की जांच जारी है।

दुर्ग पुलिस की अपील

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के प्रदर्शन, धरना या सभा आयोजित करने से पूर्व विधिसम्मत अनुमति अवश्य प्राप्त करें। सार्वजनिक मार्ग अवरुद्ध करने एवं शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news