Monday, March 2, 2026

नेशनल हाईवे 53 पर बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने वैकल्पिक मार्ग का प्रस्ताव

दुर्ग पुलिस की पहल, संयुक्त निरीक्षण संपत्र

भिलाई : न्यूज़ 36 : दुर्ग-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर लगातार बढ़ते वाहन दबाव को कम करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा वैकल्पिक मार्ग विकसित करने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया है। इस संबंध में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा संयुक्त स्थल निरीक्षण किया गया।

वैकल्पिक मार्ग का प्रस्ताव

यातायात पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा बैठक में प्रस्तुत प्रस्ताव के अनुसार, खुर्शीपार गेट (रोलिंग मिल) से भिलाई स्टील प्लांट क्षेत्र के समीप से सिरसा गेट अंडर ब्रिज होते हुए मोतीपुर से रायपुर तक संभावित मार्ग चिन्हित किया गया है। इस मार्ग के विकसित होने से एनएच-53 पर यातायात का विभाजन किया जा सकेगा और ट्रैफिक दबाव में कमी आएगी।

संयुक्त निरीक्षण में वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

01 मार्च 2026 को कलेक्टर दुर्ग, पुलिस उपमहानिरीक्षक दुर्ग, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात), आयुक्त नगर निगम भिलाई, एसडीएम भिलाई-3, भिलाई स्टील प्लांट प्रबंधन, लोक निर्माण विभाग दुर्ग के कार्यपालन अभियंता एवं यातायात पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति में संयुक्त स्थल निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान मार्ग की चौड़ाई, जंक्शन प्वाइंट, सुरक्षा संकेतकों की उपलब्धता तथा संभावित यातायात क्षमता का परीक्षण किया गया। प्रारंभिक परीक्षण के आधार पर प्रस्ताव को विस्तृत विचार-विमर्श के बाद सक्षम प्राधिकारी को स्वीकृति हेतु भेजा जाएगा।

जाम व दुर्घटनाओं में कमी की संभावना

यदि प्रस्ताव को स्वीकृति मिलती है, तो दुर्ग-रायपुर मार्ग पर ट्रैफिक दबाव कम होगा, जिससे जाम की स्थिति में राहत, सड़क दुर्घटनाओं में कमी तथा आपातकालीन परिस्थितियों में वैकल्पिक मार्ग की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। इससे प्रतिदिन रायपुर आने-जाने वाले नागरिकों को भी सुगम और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी।

पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news