भिलाई : न्यूज़ 36 : रिसाली में स्मार्ट मीटर को लेकर विरोध तेज होता जा रहा है। आम आदमी पार्टी ने बिजली विभाग पर बिना उपभोक्ताओं की सहमति स्मार्ट मीटर लगाने और बिजली बिलों में भारी बढ़ोतरी का आरोप लगाते हुए कार्यपालन अभियंता को ज्ञापन सौंपा। पार्टी ने पुराने मीटर दोबारा लगाने और बढ़े हुए बिजली बिलों की जांच की मांग की है। आम आदमी पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता सोमवार को छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, रिसाली कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने कार्यपालन अभियंता को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि पिछले कुछ महीनों से उपभोक्ताओं की अनुमति के बिना घर-घर स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। पार्टी का कहना है कि मीटर बदलने से पहले न तो उपभोक्ताओं को सूचना दी गई और न ही पुराने मीटर की रीडिंग का सत्यापन कराया गया। स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिलों में दो से तीन गुना तक बढ़ोतरी होने का दावा करते हुए पार्टी ने इसे आम जनता के साथ अन्याय बताया। ज्ञापन के माध्यम से बिना सहमति लगाए गए स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने मीटर दोबारा लगाने, बढ़े हुए बिजली बिलों की जांच कराने और उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग की गई। पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो उपभोक्ताओं के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। रिसाली क्षेत्र में लोगों की सहमति के बिना स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। इसके बाद बिजली बिलों में भारी बढ़ोतरी की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। हमने बिजली विभाग को ज्ञापन देकर पुराने मीटर दोबारा लगाने, बढ़े हुए बिलों की जांच कराने और उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग की है। यदि हमारी मांगें नहीं मानी गईं तो आम आदमी पार्टी जनता के साथ मिलकर उग्र आंदोलन करेगी।”
