हादसे में मौत पर नॉमिनी को दिए जाएंगे दस लाख
भिलाई : न्यूज़ 36 : भिलाई इस्पात संयंत्र के कर्मियों की सबसे पुरानी और प्रतिष्ठित सहकारी संस्था इस्पात कर्मचारी को-ऑपरेटिव क्रेडिट सोसाइटी लिमिटेड सेक्टर-6 में एक संक्षिप्त आयोजन में सोसाइटी की ओर से भिलाई स्टील प्लांट में सेवारत अपने सदस्य कर्मियों के लिए समूह व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा पॉलिसी (जीपीएआईएस) आने वाले वर्ष के लिए आईसीआईसीआई लोम्बार्ड जनरल इंश्योरेंस कंपनी से करवाते हुए औपचारिकताएं पूरी की गईं।
इस पॉलिसी से दुर्घटना जनित निधन पर ₹दस लाख की राशि सदस्य के नॉमिनी को देय होगी। आयोजन में अध्यक्ष बृज बिहारी मिश्र व सदस्यों की ओर से बीमा की प्रीमियम राशि ₹1932917(₹उन्नीस लाख बत्तीस हजार नौ सौ सत्रह) का चेक आईसीआईसीआई कंपनी के प्रतिनिधि गौरव सोलंकी(वरिष्ठ प्रबंधक),शादाब खान (विक्रय प्रबंधक) एवं रवेंद्र द्विवेदी (क्षेत्रीय प्रबंधक पालिसी बाजार)को दिया गया।
अध्यक्ष बृज बिहारी मिश्र ने इस दौरान बताया कि गत वर्ष की तुलना में इस साल प्रीमियम में ₹241/सदस्य की कमी आई है.गत वर्ष सदस्यों से उपरोक्त (10 लाख) बीमित राशि के लिए ₹750/ का प्रीमियम दिया गया था,जबकि इस वर्ष उपरोक्त राशि के लिए मात्र ₹509/व्यक्ति का प्रीमियम दिया जा रहा है। इसके अंतर्गत दुर्घटना से मृत्यु की स्थिति में बीमा क्षतिपूर्ति राशि दस लाख रुपए होगी। दुर्घटना के फलस्वरूप घायल/अनफिट होने पर क्षतिपूर्ति राशि ₹5हजार/साप्ताहिक होगी। अध्यक्ष मिश्र ने बताया कि समूह सदस्यों के इंश्योरेंस क्लेम (बीमा दावा)बीएसपी ओ.पी.डी. बुक में उल्लेखित ट्रीटमेंट या रजिस्टर्ड मेडिकल प्रैक्टिशनर द्वारा उल्लेखित ट्रीटमेंट के आधार पर देय होगा। सदस्यों को दुर्घटना की सूचना सोसायटी के माध्यम से लिखित में देनी आवश्यक होगी। इस आयोजन में उपाध्यक्ष अमिताब वर्मा, संचालक मंडल सदस्य कुलेश्वर चंद्राकर और सोसाइटी के प्रबंधक एम मुरलीधर प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
