भिलाई : न्यूज़ 36 : भिलाई स्टील प्लांट में हुए हादसे को लेकर एक ठेका श्रमिक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। झुलसे श्रमिक महेंद्र कुमार चेलक ने भट्टी थाना में आवेदन देकर आरोप लगाया है कि संयंत्र प्रबंधन की लापरवाही और उपेक्षापूर्ण कार्यप्रणाली के कारण वह गंभीर रूप से झुलस गया।

पीड़ित के अनुसार 11 दिसंबर को शाम करीब 4.45 बजे वह भिलाई इस्पात संयंत्र के कोक ओवन सीसीडी-3, बैटरी-11 के पास अमोनिया एक्सेस लीकर पंप का वॉल्व खोल रहा था। इसी दौरान डिस्चार्ज लाइन की पैकिंग अचानक ब्लास्ट हो गई। इससे गैस पाइपलाइन से निकले ज्वलनशील पदार्थ की चपेट में आकर उसके दोनों हाथ, पेट और दाहिना गाल झुलस गया। महेंद्र चेलक ने बताया कि वह पिछले पांच वर्षों से सरकार इंटरप्राइजेस कंपनी के माध्यम से बीएसपी में ठेका श्रमिक के रूप में कार्यरत है। हादसे में उसकी त्वचा जल गई और फफोले पड़ गए। सहकर्मी सुरेश यादव, मोहम्मद आयूब और एक अन्य ने उसे उठाकर संयंत्र के मेन मेडिकल पोस्ट-1 पहुंचाया।
वहां से उसे सेक्टर-9 अस्पताल रेफर कर भर्ती ‘कराया गया। शिकायत के आधार पर भट्ठी थाना पुलिस ने बीएसपी प्रबंधन के खिलाफ लापरवाही एवं उपेक्षापूर्ण कार्य कराए जाने से श्रमिक को क्षति पहुंचाने का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने धारा 287 और 125 (ए) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में ले लिया है।
