Saturday, November 28, 2026

रातभर चला पुलिस का सघन चेकिंग अभियान, 14 जगहों पर नाकेबंदी

शराब पीकर वाहन चलाने वाले 10 चालक पकड़ाए, 150 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी रहे तैनात

मॉक ड्रिल के जरिए परखी गई पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया और नाकेबंदी व्यवस्था

भिलाई : न्यूज़ 36 : अपराधों पर नियंत्रण, अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए दुर्ग पुलिस ने 27 एवं 28 नवंबर की दरमियानी रात शहर में व्यापक रात्रिकालीन चेकिंग अभियान चलाया। रात 12 बजे से सुबह 4 बजे तक चले इस अभियान के तहत शहर के 14 अलग-अलग स्थानों पर एक साथ नाकेबंदी कर वाहनों की सघन जांच की गई। अभियान में करीब 150 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी तैनात रहे।

चेकिंग के दौरान शराब पीकर वाहन चलाते पाए गए 10 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस ने शहर में आने-जाने वाले वाहनों की जांच करने केसाथ संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ और आवश्यक सत्यापन भी किया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अभियान के लिए सभी थाना प्रभारियों को अलग-अलग सेक्टर और चेकिंग पॉइंट की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। संबंधित राजपत्रित अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान की निगरानी की। विभिन्न चेकिंग पॉइंट पर तैनात पुलिस टीमों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर एक साथ कार्रवाई की गई।

मॉक ड्रिल से परखी पुलिस की मुस्तैदी

इस अभियान के दौरान पुलिस की नाकेबंदी व्यवस्था और त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली का परीक्षण करने के लिए मॉक ड्रिल भी आयोजित की गई। इसके तहत पुलिस लाइन से कुछ वाहनों को संदिग्ध वाहन के रुप में मॉक ड्रिल के लिए रवाना किया गया। नाकेबंदी पॉइंट पर तैनात पुलिस टीमों ने इन वाहनों को सफलतापूर्वक रोककर इंटरसेप्ट किया और तत्काल कंट्रोल रूम को सूचना दी।

इस अभ्यास के माध्यम से यह परखा गया कि किसी आपराधिक घटना या आपातकालीन परिस्थिति की सूचना मिलने पर पुलिस बल कितनी तेजी से सक्रिय होता है और निर्धारित नाकेबंदी पॉइंट पर पहुंचकर संदिग्ध वाहनों को रोकने तथा जांच की कार्रवाई को किस तरह अंजाम देता है।

अभियान से पहले थाना प्रभारियों और पुलिस बल को आवश्यक ब्रीफिंग भी दी गई थी। इसमें नाकेबंदी की प्रक्रिया, पुलिस टीमों के बीच समन्वय, कंट्रोल रूम को सूचना देने और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई के संबंध में दिशा-निर्देश दिए गए।

नियम तोड़ने वालों पर रहेगी पुलिस की नजर

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और शराब पीकर वाहन नहीं चलाने की अपील की है। साथ ही रात्रिकालीन चेकिंग के दौरान पुलिस को सहयोग करने और वाहन के आवश्यक दस्तावेज साथ रखने की सलाह दी है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधों की रोकथाम, अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के आकस्मिक चेकिंग एवं नाकेबंदी अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news