दुर्ग : न्यूज़ 36 : शहर की मार्ग प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम ने नई पहल की है। निगम प्रशासन द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए स्ट्रीट लाइटों के संचालन, संधारण और रखरखाव की जिम्मेदारी नई एजेंसी मेसर्स वाईआर सिंह को सौंपी जा रही है। इसके लिए कार्यादेश जारी किया जा रहा है। इस व्यवस्था पर निगम द्वारा करीब 1.30 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे शहर के सभी 60 वार्डों की गलियों, मोहल्लों और प्रमुख मार्गों पर रोशनी की व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है।
नई एजेंसी नगर निगम क्षेत्र में लगे विद्युत पोलों की स्ट्रीट लाइट, सायंकालीन टाइमर व्यवस्था और बंद एवं खराब लाइटों के नियमित रखरखाव का काम करेगी। इससे लाइट बंद होने की शिकायतों का समय पर निराकरण हो सकेगा। उल्लेखनीय है कि इससे पहले ईईएसएल के माध्यम से स्ट्रीट लाइटों का संधारण किया जा रहा था। एजेंसी की कार्य अवधि 31 अगस्त 2026 को समाप्त हो गई थी। नई व्यवस्था के तहत करीब 13 कर्मचारियों की टीम शहर के सभी क्षेत्रों में भ्रमण कर स्ट्रीट लाइटों की स्थिति पर नजर रखेगी।
अंधेरे वाले क्षेत्रों को प्राथमिकता
महापौर अलका बाघमार ने कहा कि शहर के प्रत्येक वार्ड और अंतिम छोर तक बेहतर प्रकाश व्यवस्था पहुंचाना निगम की प्राथमिकता है। स्ट्रीट लाइट नागरिकों की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन से जुड़ी महत्वपूर्ण व्यवस्था है। उन्होंने कहा कि नई एजेंसी के माध्यम से बंद एवं खराब लाइटों को समयबद्ध तरीके से सुधारा जाएगा। निगम का प्रयास है कि शहर का कोई भी क्षेत्र अंधेरे में न रहे और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलें।
