Sunday, November 22, 2026

कमीशन के लालच में बेच दिए बैंक खाते, नौ खाताधारकों पर कार्रवाई

भिलाई : न्यूज़ 36 : साइबर अपराधियों को अपना बैंक खाता उपलब्ध कराकर कमीशनं कमाने का लालच नौ लोगों को भारी पड़ गया। दुर्ग पुलिस ने म्यूल बैंक खातों के जरिए साइबर ठगी की रकम का लेन-देन करने के मामले में नौ खाताधारकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की है।

आरोप है कि इन लोगों ने पांच हजार से 15 हजार रुपये तक कमीशन के लालच में अपने बैंक खाते, पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक और मोबाइल सिम कार्ड दूसरे लोगों को उपलब्ध कराए थे। इन खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी से हासिल लाखों रुपये की रकम को अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करने और निकालने के लिए किया जा रहा था। साइबर अपराधों में इस्तेमाल किए जा रहे म्यूल बैंक खातों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना भिलाई नगर और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और बैंक खातों के वित्तीय लेन-देन का विश्लेषण कर नौ खाताधारकों की पहचान की। मामले में थाना भिलाई नगर में प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस ने 20 नवंबर को संबंधित खाताधारकों के विरुद्ध कार्रवाई की। ये खाते पंजाब एंड सिंध बैंक और सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया से संबंधित बताए गए हैं। जांच में सामने आया कि आरोपी एजेंटों के माध्यम से लोगों से बैंक खाते और उनसे जुड़े दस्तावेज हासिल करते थे। इसके बाद ये खाते साइबर अपराधियों को उपलब्ध करा दिए जाते थे।

खाताधारकों को इसके बदले पांच हजार से 15 हजार रुपये तक कमीशन अथवा आर्थिक लाभ दिया जाता था। पुलिस ने संबंधित बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, सिम कार्ड, मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं।

349 खाताधारक और एजेंट गिरफ्तार

दुर्ग जिले में म्यूल बैंक खातों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अब तक कुल 3322 खातों की जांच की जा चुकी है। इनमें से 3162 खातों पर कार्रवाई की गई है। 1668 खातों के संबंध में अपराध पंजीबद्ध किए गए, जबकि 618 खातों को जांच के बाद नस्तीबद्ध किया गया है। वहीं 876 खातों पर कार्रवाई शेष है। इस अभियान में अब तक कुल 63 एफआईआर दर्ज की गई हैं। पुलिस ने 349 खाताधारकों और एजेंटों के साथ दो बैंक अधिकारियों को भी गिरफ्तार किया है।

इन नौ खाताधारकों पर पुलिस ने की कार्रवाई

पुलिस के अनुसार कार्रवाई की जद में आए लोगों में टेकेश्वर साहू (21), निवासी कांट्रेक्टर कालोनी सुपेला, रौनक अग्रवाल (23), निवासी नेहरू भवन के पास सुपेला, तीरथ राम ठाकुर (33), निवासी खुर्सीडीह बोरई, राजीव कुमार (23), निवासी मछली मार्केट खुर्सीपार, प्रदीप कुमार (27), निवासी वैशाली नगर, इन्द्रजीत सिंह (23), निवासी गुरुनानक नगर रामनगर, नीलेश चक्रधारी (23), निवासी सुभाष नगर नंदिनी रोड, परमजीत सिंह (55), निवासी हाउसिंग बोर्ड जामुल और गुरमेल सिंह (36), निवासी सुभाष चौक कैंप-1 शामिल हैं।

 

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news