मतदाता ईपिक नंबर के माध्यम से ऑनलाइन देख सकेंगे अपना नाम एवं संबंधित वार्ड की जानकारी
भिलाई : न्यूज़ 36 : छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगर पालिका आम निर्वाचन दिसम्बर 2026 के लिए दिनांक 1 अक्टूबर 2026 की संदर्भ तिथि के आधार पर फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली तैयार करने के संबंध में पूर्व में जारी कार्यक्रम में आंशिक संशोधन किया गया है। आयोग द्वारा मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के लिए दावा-आपत्तियों के निराकरण सहित विभिन्न कार्यों की नई समय-सीमा निर्धारित की गई है।
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार दावा-आपत्तियों के निराकरण की अंतिम तिथि 19 नवम्बर 2026 निर्धारित की गई है। इसी प्रकार प्रारूप क-1 में रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अथवा सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के समक्ष दावा प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 20 नवम्बर 2026 तक रहेगी। प्रारूप क-1 में प्राप्त दावों का निराकरण 23 नवम्बर 2026 तक किया जाएगा। दावा-आपत्तियों के निराकरण के आदेश के विरुद्ध अपील करने की समय-सीमा संबंधित निराकरण आदेश पारित होने के 5 दिवस के भीतर निर्धारित की गई है। इसके अलावा परिवर्धन, संशोधन एवं विलोपन से संबंधित प्रकरणों की प्रविष्टि सॉफ्टवेयर में 25 नवम्बर 2026 तक की जाएगी। वहीं चेकलिस्ट की निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी से जांच करवाकर पीडीएफ मुद्रण हेतु जिला कार्यालय को सौंपने की अंतिम तिथि 26 नवम्बर 2026 निर्धारित की गई है।
मतदाता अपने ईपिक नंबर के आधार पर विधानसभा की निर्वाचक नामावली में अपना नाम सर्च कर सकते हैं। इसके लिए भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर जाकर जानकारी प्राप्त की जा सकती है। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग के पोर्टल के माध्यम से भी मतदाता यह पता कर सकते हैं कि उनका नाम किस नगरीय निकाय एवं किस वार्ड की मतदाता सूची में दर्ज है। नगरीय निकाय निर्वाचन को ध्यान में रखते हुए मतदाताओं से अपील है कि वे ऑनलाइन माध्यम से अपनी मतदाता सूची में दर्ज नाम एवं वार्ड की जानकारी अवश्य जांच लें। यदि नाम, विवरण या प्रविष्टि में किसी प्रकार की त्रुटि अथवा संशोधन की आवश्यकता हो तो निर्धारित समय-सीमा के भीतर संबंधित रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के समक्ष दावा प्रस्तुत कर आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण करें। इससे निर्वाचक नामावली को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने में सहयोग मिलेगा।
