भिलाई : न्यूज़ 36 : दुर्ग शिवनाथ नदी में रविवार को एक युवक का शव बहता हुआ मिला। सूचना पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने सर्च आपरेशन चलाकर पिपरछेड़ी-कोटनी क्षेत्र के पास से शव को बाहर निकाला। मृतक की पहचान दुर्ग के शिवपारा निवासी रामेश्वर नेताम (39) पिता छबिलाल नेताम के रूप में हुई है। वह पानी में कैसे डूबा यह स्पष्ट नहीं हो पाया है।
जानकारी के अनुसार, एक नवंबर को जिला कंट्रोल रूम दुर्ग को सूचना मिली कि भिलाई-राजनांदगांव बायपास पुल के नीचे शिवनाथ नदी के तेज बहाव में एक व्यक्ति का शव बह रहा है। इसके बाद जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी दिनेश कुमार रावटे के निर्देश पर एसडीआरएफ की टीम रेस्क्यू बोट, लाइफ जैकेट और आवश्यक उपकरणों के साथ मौके के लिए रवाना हुई। टीम ने नदी के बहाव की दिशा में सर्च आपरेशन शुरू किया। काफी तलाश के बाद पिपरछेड़ी-कोटनी क्षेत्र के पास शव बरामद किया गया। प्राथमिक पहचान के बाद शव को आगे की वैधानिक कार्रवाई और मर्ग जांच के लिए थाना पुलगांव की चौकी नगपुरा पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
